अब इस तरह के पुलिस कर्मी ही भेजे जाएंगे कुंभ मेला
प्रशासन ने कुंभ मेले की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार कुंभ मेले में ईमानदार, शाकाहारी और अच्छे चरित्र वाले पुलिस कर्मियों की ही ड्यूटी लगेगी।
गोरखपुर (नवनीत प्रकाश त्रिपाठी)। इलाहाबाद में लगने वाले कुंभ मेल में इस बार सिर्फ शरीफ पुलिस वालों की ही ड्यूटी लगेगी। अमर्यादित आचरण करने वाले, शराब पीने वाले और मांसाहार करने वाले पुलिसकर्मियों को कुंभ मेले में सुरक्षा ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। डीजीपी ओपी सिंह ने प्रदेश के सभी आइजी और डीआइजी रेंज को पत्र लिखकर ड्यूटी के लिए पुलिसकर्मियों का चयन करने में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया है। इसमें उन्होंने बीमार पुलिस वालों को भी ड्यूटी में न भेजने की हिदायत दी है।
ड्यूटी के डीजीपी ने दिए ये निर्देश
- 35 वर्ष की उम्र से अधिक के सिपाही, 40 वर्ष से अधिक के दीवान और 45 वर्ष की से अधिक के सब इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर की नहीं लगेगी ड्यूटी।
- मूल रूप से इलाहाबाद जिले के रहने वाले पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी।
- मानसिक और शारीरिक रुप से स्वस्थ पुलिसकर्मियों की ही ड्यूटी लगाई जाएगी।
- मदिरापान करने वाले और मांसाहार करने वाले पुलिस वालों की भी ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी।
- निष्ठावान, उत्तम चाल, चरित्र और मृदुभाषी पुलिसकर्मी ही ड्यूटी में भेजे जाएंगे।
कुंभ मेला, इलाहाबाद जिला और जीआरपी मे लगेगी ड्यूटी
कुंभ में तीन तरह की ड्यूटी के लिए पुलिसकर्मियों का चयन किया जाना है। इसमें कुछ पुलिस वालों की ड्यूटी कुंभ मेले में लगेगी। वे एसएसपी कुंभ मेला के अधीन रहेंगे। कुछ पुलिस वालों को इलाहाबाद जिला पुलिस में भेजा जाएगा। वे एसएसपी इलाहाबाद के अधीन काम करेंगे। इसी तरह से कुछ पुलिस वालों को जीआरपी इलाहाबाद के साथ ड्यूटी के लिए भेजा जाएगा। वे एसपी रेलवे इलाहाबाद के अधीन काम करेंगे।
तीन चरणों में भेजे जाएंगे पुलिस वाले
कुंभ मेले के लिए दूसरे जिलों से तीन चरणों में पुलिस वाले इलाहाबाद भेजे जाएंगे। पहले चरण में की ड्यूटी 25 सितंबर से शुरू हो जाएगी। दूसरे चरण की ड्यूटी 15 अक्टूबर से तथा तीसरे चरण की ड्यूटी 15 नवंबर से शुरू होगी।
गोरखपुर रेंज
पहला चरण
- कुंभ मेला के लिए पांच उप निरीक्षक, चार दीवान, चार दीवान, 53 सिपाही, चार महिला सिपाही
- इलाहाबाद जिले के लिए एक इंस्पेक्टर, दो उप निरीक्षक, दो दीवान, 15 सिपाही और नौ महिला सिपाही
- इलाहाबाद जीआरपी के लिए एक उप निरीक्षक, दो दीवान, 25 सिपाही और दो महिला सिपाही
दूसरा चरण
- कुंभ मेला के लिए एक इंस्पेक्टर, 13 उप निरीक्षक, 11 दीवान, 136 सिपाही, एक महिला उप निरीक्षक, एक महिला दीवान और नौ महिला सिपाही
- इलाहाबाद जिले के लिए पांच उप निरीक्षक, पांच दीवान, 40 सिपाही, नौ महिला सिपाही
- इलाहाबाद जीआरपी के लिए तीन उप निरीक्षक, पांच दीवान, 59 सिपाही, दो महिला सिपाही
तृतीय चरण
- कुंभ मेला के लिए एक इंस्पेक्टर, 16 उप निरीक्षक, 13 दीवान, 170 सिपाही, एक महिला उप निरीक्षक, एक महिला दीवान और 10 महिला सिपाही
- इलाहाबाद जिले के लिए आठ उप निरीक्षक, आठ दीवान, 55 सिपाही, एक महिला सिपाही
- इलाहाबाद जीआरपी के लिए तीन उप निरीक्षक, आठ दीवान, 70 सिपाही, एक महिला दीवान और दो महिला सिपाही