JNU Violence : गोरखपुर विश्वविद्यालय में ABVP के सदस्यता अभियान को विश्वविद्यालय प्रशासन ने रोकवाया Gorakhpur News
JNU Violence गोरखपुर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर मंगलवार को अभाविप के चल रहे सदस्यता अभियान को प्रशासन ने रोक दिया।
गोरखपुर, जेएनएन। जेएनयू में हुई घटना को लेकर दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय प्रशासन मंगलवार सुबह से ही मुस्तैद है। परिसर में शांति बनाए रखने के लिए नियंता मंडल ने परिसर का भ्रमण कर छात्रों को जागरूक किया तथा उनसे शांति बहाल बनाए रखने की अपील की। इस दौरान नियंता मंडल ने विश्वविद्यालय मुख्य द्वार पर अभाविप के चल रहे सदस्यता अभियान को भी वहां न करने की हिदायत देते हुए वहां से हटवा दिया।
साेमवार को हुआ था धरना प्रदर्शन
मुख्य नियंता प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि जेएनयू की घटना को लेकर छात्र में उबाल है। सोमवार को कई संगठनों ने धरना प्रदर्शन किया था। इसको लेकर छात्रों और शिक्षकों को परेशानी उठानी पड़ी थी। भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है। छात्रों को जागरूक किया जा रहा है और उनसे शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। इस दौरान मुख्य नियंता के अलावा नियंता डॉ अमित कुमार उपाध्याय, पी एन मिश्रा, प्रवीण सिंह तथा महेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।