गोरखपुर में आज से शुरू होगा जागरण फिल्म फेस्टिवल 2026, शहर में सजेगी सिनेमा की महफिल
गोरखपुर में दैनिक जागरण द्वारा आयोजित जागरण फिल्म फेस्टिवल-2026 आज से सिटी मॉल के आइनाक्स में शुरू हो रहा है। ...और पढ़ें

सिटी माल के आइनाक्स में जागरण फिल्म फेस्टिवल का होगा आगाज। जागरण
HighLights
दैनिक जागरण फिल्म फेस्टिवल 25 से 27 सितंबर तक गोरखपुर में।
रवि किशन और आरुषि निशंक से विशेष संवाद सत्र आयोजित।
'शिकायतें' और 'हनुमान अंश' जैसी फिल्में होंगी प्रदर्शित।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर में शुक्रवार से सिनेमा का रंग और गहरा होगा। पर्दे पर कहानियों का संसार सजेगा। उसके पीछे की रचनात्मकता और कलाकारों से रूबरू होने का अवसर भी मिलेगा। इसके लिए दैनिक जागरण की ओर से जागरण फिल्म फेस्टिवल-2026 का आयोजन 25 से 27 सितंबर तक सिटी माल के आइनाक्स में किया जा रहा है। तीन दिन के इस सिनेमा उत्सव में विभिन्न भाषाओं और शैलियों की फीचर फिल्में, वृत्तचित्र और लघु फिल्में दिखाई जाएंगी।
फेस्टिवल का आगाज शुक्रवार की शाम चार बजे होगा। उद्घाटन के बाद सांसद व अभिनेता रवि किशन के साथ विशेष संवाद सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके बाद ‘शिकायतें’ फिल्म दिखाई जाएगी। इसमें नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी, जावेद जाफरी, सयानी गुप्ता, गजराज राव और मकरंद देशपांडे जैसे कलाकार नजर आएंगे। तीन दिवसीय आयोजन में सिनेमा की अलग-अलग विधाओं और विषयों से दर्शकों का परिचय होगा।
‘ए बैड आइडिया’, ‘एनलाइटनमेंट (बोध)’, ‘वान्या’, ‘मालिपुट मेलोडीज’, ‘इकोज आन द वाल्स’, ‘द डाक्टर गाट वायरल’, ‘होमलेस एट सी’, ‘सांग्स आफ द मिस्ट’, ‘थ्रू योर आइज’ और ‘अंतर्द्वंद्व’ सहित कई फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी। ‘सरहद इक्कीस’ भी दर्शकों के बीच पहुंचेगी। 27 सितंबर को फिल्म निर्माता व अभिनेत्री आरुषि निशंक के साथ विशेष बातचीत होगी। इसी दिन ‘सहल’ फिल्म के प्रदर्शन के साथ सिनेमा के तीन दिवसीय उत्सव का समापन होगा।
आज दिखाई जाने वाली फिल्में
शिकायतें : कलाकार-नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी, गजराज राव, जावेद जाफरी, मकरंद देशपांडे, नीना कुलकर्णी व सयानी गुप्ता। निर्देशक गायत्री एकनाथ पाटिल व आदित्य घनश्याम राठी। चार कहानियों के माध्यम से फिल्म रिश्तों, हास्य और रोजमर्रा की जिंदगी में मिलने वाली खुशियों को सामने लाएगी।
ग्रीष्मांत : कलाकार- पायस, केतकी व श्लोक के किरदारों के माध्यम से एक कथक कलाकार की कहानी सामने आएगी, जो त्वचा संबंधी बीमारी के साथ अपनी कला, रिश्तों और स्वीकार्यता के बीच संघर्ष करता है। इसके निर्देशक सागर मशालकर हैँ।
वान्या : बदिगेर देवेंद्र द्वारा निर्देशित फिल्म के कलाकार विजनाथ बिरादार व मेघना बेलावाड़ी हैं। फिल्म छोटे मछुआरा समुदाय की कहानी है, जिसकी पीढ़ियों पुरानी जीवनशैली नीतिगत और आर्थिक बदलावों के कारण संकट में पड़ जाती है।
पर्दे पर ‘हनुमान अंश’, साथ में कलाकार
फिल्मोत्सव के अंतिम दिन आस्था और सिनेमा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। 27 सितंबर को शाम पांच बजे ‘हनुमान अंश’ की विशेष स्क्रीनिंग होगी। पर्दे पर कथा के साथ दर्शकों को इसके मुख्य कलाकारों से रूबरू होने का अवसर भी मिलेगा। कलाकार अपनी यात्रा, अनुभव और फिल्म से जुड़े किस्से साझा करेंगे, जिससे यह शाम सिनेमा प्रेमियों के लिए यादगार बनेगी।
