गोरखपुर में हेलमेट न पहनने वालों के खिलाफ फिर अभियान शुरू, एसपी ने 10 सिपाहियों का काटा चालान Gorakhpur News
एसपी यातायात आदित्य प्रकाश वर्मा ने बताया कि हेलमेट और कागजातों के बिना गाड़ी चलाते मिले 10 सिपाहियों की गाड़ी का चालान काटा गया। शुक्रवार से बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जाएगा।
गोरखपुर, जेएनएन। यातायात नियम की अनदेखी करने वाले पुलिसकर्मियों पर गुरुवार को एसपी यातायात का डंडा चला। गोलघर, कालीमंदिर और धर्मशाला क्षेत्र में अभियान चलाकर उन्होंने 10 से अधिक पुलिसकर्मियों की गाड़ी का चालान काटा। हेलमेट न लगाने वाले 60 अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई है।
धर्मशाला पुल के पास हुई चेकिंग
एसपी यातायात आदित्य प्रकाश वर्मा गुरुवार दोपहर में धर्मशाला के पास अपनी टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। बिना हेलमेट के गाड़ी चलाते मिले सिपाही और आम लोगों को रोककर उनकी गाड़ी का चालान काटा। गोलघर, कालीमंदिर और धर्मशाला क्षेत्र में अलग-अलग समय में चलाए गए अभियान में कुल 70 लोग बिना हेलमेट के गाड़ी चलाते मिले।
एसपी यातायात आदित्य प्रकाश वर्मा ने बताया कि हेलमेट और कागजातों के बिना गाड़ी चलाते मिले 10 सिपाहियों की गाड़ी का चालान काटा गया। इनके अलावा आम लोग भी बिना हेलमेट के गाड़ी चलाते मिले। शुक्रवार से बिना हेलमेट के गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जाएगा।
अब तक मिली थी राहत
हेलमेट न लगाने वालों के खिलाफ पहली बार चली कार्रवाई से आम लोग परेशान हो गए थे। सभी का यही कहना था कि पुलिस या प्रशासन को पहले चेतावनी देनी चाहिए, उसके बाद कार्रवाई शुरू करनी चाहिए था। इसका असर भी हुआ और जांच बंद हो गई। अब शुक्रवार से फिर से बड़े पैमाने पर अभियान चलेगा। इस अभियान में अब दो पहिया वाहन के पीछे बैठने वालों को भी हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। शुक्रवार से शुरू हो रहे जांच अभियान में पुलिस इस बार किसी को भी बख्शने वाली नहीं है। क्योंकि पुलिस ने लोगों को हेलमेट खरीदने से लेकर अन्य कागजात बनवाने के लिए पर्याप्त समय दिया हुआ था। अब हेलमेट न लगाने वाले अब इस अभियान के शिकार होंगे।