कोहरे से जंग : रेल लाइनों पर बढ़ी पेट्रोलिंग, सभी ट्रेनों में लग रही फॉग सेफ डिवाइस Gorakhpur News
कोहरे को देखते हुए रात के समय रेल लाइनों पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। सभी ट्रेनों में (सवारी और मालगाडिय़ों में भी) फॉग सेफ डिवाइस लगाई जा रही हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। कोहरे का दस्तक होते ही पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। रात के समय रेल लाइनों पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। सभी ट्रेनों में (सवारी और मालगाडिय़ों में भी) फॉग सेफ डिवाइस लगाई जा रही हैं।
इंजनों पर चढ़कर अधिकारी कर रहे निरीक्षण
रात के समय पेट्रोलमैन ही नहीं अधिकारी भी रेल लाइनों की पेट्रोलिंग कर रहे हैं। पेट्रोलमैन पटरियों पर चल रहे हैं तो अधिकारी इंजनों पर चढ़कर निरीक्षण कर रहे हैं। दिन में यह जिम्मेदारी कीमैन निभा रहे हैं। ताकि, समय रहते पटरियों की खामियों को दुरुस्त किया जा सके। संबंधित अधिकारी इनकी मॉनीटरिंग कर रहे हैं। फॉग सेफ डिवाइस लोको पायलटों को सिग्नल के 500 मीटर पहले ही सतर्क कर रही है। यह एक आडियो एवं विडियो डिस्प्ले डिवाइस है। डिवाइस बताती है, सिग्नल सामने है। इसके बाद लोको पायलट अलर्ट हो जाते हैं।
बरती जा रही अतिरिक्त सतर्कता
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार संरक्षित और सुरक्षित ट्रेन संचलन को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। स्टेशनों पर और ट्रेनों में सभी तरह के आधुनिक और परंपरागत सावधानियां बरती जा रही हैं।
दिल्ली रूट पर विलंबित होने लगी प्रमुख गाडिय़ां
निर्बाध ट्रेन संचलन को लेकर रेलवे प्रशासन ने कुछ प्रमुख ट्रेनों को निरस्त किया है। हमसफर और सप्तक्रांति सहित कुछ ट्रेनें आंशिक रूप से निरस्त हैं। अतिरिक्त सावधानियां बरती जा रही हैं। इसके बाद भी कोहरा शुरू होते ही गाडिय़ों का संचलन प्रभावित होने लगा है। दिल्ली रूट पर ट्रेनों का विलंबन शुरू हो चुका है। यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
लेट होने वाली कुछ ट्रेनें
12566 बिहार संपर्कक्रांति- 5.40 घंटे।
14009 चंपारण सत्याग्रह- 3.45 घंटे।
12524 न्यू जलपाईगुड़ी - 4.00 घंटे।
15904 डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस-5.00 घंटे।