महराजगंज में सर्विस लेन बना अवैध पार्किंग, बिगड़ती जा रही शहर की यातायात व्यवस्था
महराजगंज नगर पालिका में वाहनों की कोई पार्किंग स्थल न होने से राहगीर सड़कों के किनारे ही वाहन खड़े कर देते हैं। सड़क पर वाहनों के खड़ा होने से जहां देखो वहां अव्यवस्थाओं का नजारा देखने को मिलता है। शहर के मार्गों पर वाहन चलाना टेढ़ी खीर हो गया है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। महराजगंज शहर की बिगड़ी हुई यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए कवायद नहीं की जा रही है। सड़क पर मनमाने तरीके से न सिर्फ वाहन चलाए जा रहे हैं, बल्कि शहर के सर्विस लेन पर ही वाहनों के पार्क कर दिए जाने से आए दिन शहर में जाम की स्थिति बन जा रही है। यातायात व्यवस्था में आवश्यक रूप से सुधार किया जाना चाहिए। समय-समय पर होने वाली बैठकों में अधिकारी सिर्फ निर्देश देते हैं, इससे न तो यातायात व्यवस्था सुधर रही है, और न ही समस्या दूर हो रही है।
नगर पालिका में नहीं है कोई पार्किंग
महराजगंज नगर पालिका में वाहनों की कोई पार्किंग स्थल न होने से राहगीर सड़कों के किनारे ही वाहन खड़े कर देते हैं। सड़क पर वाहनों के खड़ा होने से जहां देखो वहां अव्यवस्थाओं का नजारा देखने को मिलता है। शहर के मार्गों पर वाहन चलाना टेढ़ी खीर हो गया है। एक किलोमीटर का रास्ता तय करने के लिए कई स्थानों पर आधा घंटा तक बर्बाद हो रहा है। लगातार चौपट होती यातायात व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार अनजान बने हुए हैं।
इन इलाकों में है सबसे खराब दशा
सबसे ज्यादा खराब स्थिति कोतवाली से लेकर स्टेट बैंक, स्टेट बैंक से लेकर सिंचाई विभाग व आफिसर कालोनी के सर्विस लेन, मंडी गेट सहित जिला अस्पताल पर होती है। यहां आने वाले वाहनों की वजह से यातायात प्रभावित होता है। नगर में भारी संख्या में वाहनों की वजह से जाम लग जाता है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ जाती हैं। वाहन चालकों की जगह-जगह बेतरतीब पार्किंग से भी समस्या खड़ी हो रही है। व्यस्ततम मार्गों पर वाहन चालक मनमर्जी से वाहन खड़े कर रहे हैं। इससे मार्गों पर वाहन चलाना मुश्किल होता जा रहा है। वहीं पैदल चलने वाले भी परेशानी का सामना करते हैं।
पार्किंग स्थल न होने से आ रही समस्या
पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने बताया कि शहर में पार्किंग स्थल न होने से समस्याएं होती हैं। फिर भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जाम की समस्या से निजात के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।