नाराज पत्नी चली गई मायके, पति ने कर ली आत्महत्या Gorakhpur News
पति से विवाद के पत्नी अपने बच्चों को लेकर मायके चली गई। उसके बाद पति गुमसुम रहने लगा। तीसरे दिन पति ने आत्महत्या कर ली।
गोरखपुर, जेएनएन। सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा थाना अंतर्गत ग्राम दुर्गाजोत में एक व्यक्ति ने गुरुवार की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का कारण पत्नी से विवाद बताया जा रहा है। विवाद में पत्नी नाराज होकर मायके चली गई थी। इससे वह उदास हो गया था। आत्महत्या का कारण यही बताया जा रहा है।
विवाद के बाद बच्चों को लेकर मायके चली गई पत्नी
गांव निवासी 40 वर्षीय हुनरी गौंड गांव में मजदूरी करता था। उसके पिता की गांव के बाहर चाय की दुकान है। वह घर आने के बजाय उसी चाय की दुकान पर सोते हैं। तीन दिन पहले पति, पत्नी में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। उसके बाद पत्नी नाराज हो गई। उसने अपने तीन बेटे व इतने ही बेटियों कुल छह बच्चों को लेकर चौखड़ा गांव स्थित अपने मायके चली गई।
पिता पहुंचा घर तो दरवाजा अंदर से मिला बंद
शुक्रवार की सुबह हुनरी के पिता दुकान से घर आए तो देखा घर का दरवाजा अंदर से बंद है। काफी आवाज देने के बाद जब कोई जवाब नहीं मिला तो फिर पिता को अनहोनी की आशंका होने लगी। उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो देखा कि हुनरी का शव गले में साड़ी का फंदा लगाए छत की कुंडी से लटक रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस
सूचना पर मुकामी पुलिस पहुंच गई। गांव की भीड़ भी घटना स्थल पर एकत्रित हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी श्रीयश त्रिपाठी भी वहां पहुंचे। शव को नीचे उतारा गया, फिर पुलिस ने पंचनामा की प्रक्रिया पूर्ण कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने कहा-घरेलू कलह के चलते की आत्महत्या
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने कहा कि घरेलू कलह के चलते हुनरी ने आत्महत्या की है। उन्होंने कहा कि हुनरी के पिता और गांव वालों से पूछने के बाद इसकी जानकारी हुई कि विवाद के कारण ही उसकी पत्नी मायके चली गई। शव को पीएम के लिए भेजा गया है।
पत्नी से विवाद के बाद उदास रहने लगा था हुनरी
हुनरी गौड़ के पिता का कहना था कि बहू-बेटे में अक्सर विवाद होता रहता था। कभी भी ऐसा विवाद नहीं हुआ जिसके कारण वह आत्महत्या कर ले। हां पत्नी के मायके जाने के बाद से हुनरी उदास रहता था। उससे कई बार पूछा तो वह टाल गया। यह नहीं पता था कि वह आत्महत्या कर लेगा।