यहां साइबर अपराध में महिलाएं भी शामिल, देखते ही पुलिस पर टूट पड़ीं और फरार हो गया बदमाश Gorakhpur News
साइबर क्राइम सेल की टीम बदमाश का लोकेशन मिलने के बाद कोतवाली रोड में पहुंची और संबंधित बदमाश को दबोच लिया। इसके बाद वहां मौजूद महिलाएं पुलिस कर्मियों से ही उलझ गई।
गोरखपुर, जेएनएन। देवरिया जिला मुख्यालय के कोतवाली रोड में बदमाश पकडऩे गई साइबर क्राइम सेल की टीम से ही महिलाएं उलझ गई और बदमाश फरार हो गए। पुलिस कर्मियों की सूचना के बाद भी कोतवाली पुलिस को पांच सौ मीटर पहुंचने में लगभग आधे घंटे का समय लग गया। उधर साइबर क्राइम सेल की टीम ने इस मामले में आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया है। साथ ही फरार बदमाश की गिरफ्तारी को दबिश दे रही है।
बदमाश ने छीन ली थी डेढ़ लाख की मोबाइल
देवरिया जिला मुख्यालय के राघव नगर में रहने वाली रोशनी पाठक राजकीय इंटर कालेज में शिक्षक हैं। 25 अक्टूबर को स्कूल से लौटते समय राघव नगर स्थित एक निजी स्कूल के समीप बाइक सवार बदमाशों ने उनकी डेढ़ लाख की मोबाइल छीन ली और फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस के साथ ही अपने एक रिश्तेदार को जानकारी दी। जो लखनऊ में एक उप मुख्यमंत्री के यहां रहते हैं। हाई-प्रोफाइल मामला होने के चलते पुलिस भी सक्रिय हो गई।
अपराधी के घर की महिलाओं ने पुलिस को घेरा
मामले की जांच कर रही साइबर क्राइम सेल की टीम बदमाश का लोकेशन मिलने के बाद कोतवाली रोड में पहुंची और संबंधित बदमाश को दबोच लिया। इसके बाद वहां मौजूद महिलाएं पुलिस कर्मियों से ही उलझ गई। साइबर सेल के दोनों सिपाहियों ने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। लेकिन कोतवाली पुलिस आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। सिपाहियों ने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी है। सीओ सिटी निष्ठा उपाध्याय ने कहा कि इसकी जांच कराई जाएगी।
साइबर अपराधियों के साथ हैं महिलाएं
महिलाओं का पुलिस पर टूट पड़ने का मतलब साफ है कि साइबर अपराधियों में महिलाएं भी शामिल हैं। वह ढाल बनकर पुलिस के सामने आ गईं इसलिए अपराधी फरार होने में सफल रहा। जब तक महिलाओं को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। अपराधी को पकड़ने में कठिनाइयां आएंगी ही। बहरहाल पुलिस अब इन महिलाओं की भूमिका की जांच कर रही है।