गोरखपुर में बेगारी से मना करने पर युवक को पीटकर मार डाला Gorakhpur News
मकरंदपुर निवासी मोनू और धर्मवीर सिंह ने हरेंद्र को पकड़कर अपना काम कराने के लिए ले जाने लगे। विरोध करने पर उन्होंने हरेंद्र को पीट दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोरखपुर, जेएनएन। बड़हलगंज के महुलिया पोयल गांव में स्थित शराब की दुकान पर बेगारी से मना करने पर चार आरोपितों ने एक युवक को पीटकर मार डाला। मृतक का नाम हरेंद्र निवासी गढ़वारामपुर है।
बड़हलगंज कोतवाली के गढ़वारामपुर निवासी सरजुन प्रसाद का पुत्र हरेंद्र दोपहर करीब एक बजे महुआपार जा रहा था। वह महुलिया पोयल गांव के पास पहुंचा ही था कि देशी शराब की दुकान से दो दोस्तों के साथ निकले मकरंदपुर निवासी मोनू और धर्मवीर सिंह उसे पकड़कर अपना काम कराने के लिए ले जाने लगे। इसका विरोध करने पर उन्होंने हरेंद्र को पीटना शुरू कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों के एकत्र होने पर हमलावर उसे छोड़कर फरार हो गए। गंभीर हालत में हरेंद्र को इलाज के लिए गोरखपुर ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने मोनू और धर्मवीर तथा दो अज्ञात के विरुद्ध मारपीट, हत्या और एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
दो गिरफ्तार
बड़हलगंज थानेदार रामाज्ञा सिंह ने बताया कि दोनों नामजद आरोपित गिरफ्तार कर लिए गए हैं। उनके साथ घटना में शामिल दो अन्य युवकों के बारे में पूछताछ की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हाईस्कूल का छात्र था हरेंद्र
हरेंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़े भाई गोविंद मुंबई में रहकर कमाते हैं। दूसरे नंबर का भाई पंजाब में रहकर मजदूरी करता हैं। माता-पिता के साथ हरेंद्र घर पर रहता था। इस समय वह हाईस्कूल में पढ़ रहा था। पढ़ने में वह काफी होनहार था।