पोस्टमार्टम रिपोर्ट : दिल का दौरा पड़ने से हुई हरियाणा के शराब तस्कर की मौत Gorakhpur News
कंटेनर में बड़ी मात्रा में शराब पकड़े जाने के बाद चालक के सीने में दर्द होने लगा। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसकी मौत हो गई।
गोरखपुर, जेएनएन। देवरिया पुलिस हिरासत में हुई कंटेनर चालक महेंद्र सिंह की मौत का मामला पोस्टमार्टम के बाद पुलिस के लिए राहत भरा रहा। चिकित्सीय टीम ने चालक की मौत दिल का दौरा पड़ने से होने से दावा किया है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस स्वजनों को शव देने की बजाय अंतिम संस्कार यहीं कर देने का दबाव बनाना शुरू किया तो उन्होंने इन्कार कर दिया।
घंटों बातचीत के बाद पुलिस ने एंबुलेंस उपलब्ध कराकर स्वजनों को शव सौंप दिया। इसके बाद सभी हरियाणा के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह दस बजे चालक महेंद्र सिंह की पत्नी निर्मला, दो भतीजे अमित व मोहित, साली सुमित्रा व राजकुमार रोहतक हरियाणा से देवरिया पहुंचे और शव देखने की बात कहने लगे। पुलिस ने उन सभी से बात की और फिर कोरोना का हवाला देकर यहीं अंतिम संस्कार कर देने की बात कहने लगी। लेकिन परिवार के लोग गांव में ही अंतिम संस्कार करने की बात कहने लगे। मामला बढ़ता देख मौके पर सीओ सिटी निष्ठा उपाध्याय, कोतवाल टीजे सिंह, महिला थानाध्यक्ष शोभा सिंह सोलंकी, थानाध्यक्ष बनकटा गोपाल प्रसाद पुलिस टीम के साथ पहुंच गए और उनको मनाने में जुट गए। फिर भी बात नहीं बनी, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने एक निजी एंबुलेंस रिजर्ब कर शव को गांव के लिए भेज दिया।
विदेश से आने पर चलाने लगा ट्रक
हरियाणा के रोहतक जिला के सांपला थाना क्षेत्र के ग्राम भोरखेड़ी निवासी महेंद्र सिंह को एक बेटी मात्र मंजू है। जिसकी शादी हो चुकी है। महेंद्र पहले विदेश में रहते थे। उसके बाद जब वह अपने गांव आए तो बाद में ट्रक चलाने लगे।
दहाड़ मारकर रोने लगी पत्नी
पति का शव देखते ही निर्मला दहाड़ मारकर रोने लगी और रोते-रोते बेहोश हो जाती रही। साथ में आई सुमित्रा पानी का छींटा मारकर उसे होश में लाती। उसके साथ आए परिवार के अन्य सदस्य भी रो रहे थे।
यह है पूरा मामला
देवरिया जनपद की बनकटा पुलिस बुधवार की सुबह प्रतापपुर में वाहन चेकिंग कर रही थी। इस बीच एक कंटेनर आया और पुलिस ने रोक लिया। कंटेनर रोकने के बाद चालक कंटेनर से नीचे उतरा और भागते हुए गन्ने के खेत में छिप गया। पुलिस ने जब कंटेनर की जांच की तो उसमें 368 पेटी हरियाणा निर्मित शराब बरामद मिली। इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने महेंद्र को हिरासत में ले लिया। पकड़े जाने के बाद महेंद्र के सीने में तेज दर्द शुरू हुआ। पुलिस ने महेंद्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।