हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा, प्रियंका कांग्रेस की ताकत नहीं मजबूरी
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रियंका गांधी कांग्रेस की ताकत नहीं मजबूरी है। भ्रष्टाचार से घिरे कांग्रेस के बड़े नेताआें को यह डर सता रहा कि वे सलाखों के पीछे जा सकते हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रियंका गांधी कांग्रेस की ताकत नहीं मजबूरी है। घोटाला और भ्रष्टाचार से घिरे कांग्रेस के बड़े नेताआें को यह डर सता रहा कि वे कभी भी सलाखों के पीछे जा सकते हैं। यही वजह है कि उन्होंने प्रियंका को सक्रिय राजनीति पर उतारा। गांधी परिवार के किसी भी सदस्य में वह ताकत नहीं है, जो मोदी के विजय रथ को रोक सके।
मुख्यमंत्री खट्टर बुधवार को कुशीनगर में बुद्ध इंटर कालेज के क्रीड़ागन में भाजपा के सेक्टर संयोजकों की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। विपक्ष के महागठबंधन पर तंज कसते हुए खट्टर ने कहा कि यह हताशा व निराशा का परिणाम है। गठबंधन में शामिल दल जनाधार विहीन हैं, उनकी कार्य पद्धति से जनता परिचित है इनके झांसे में लोग नहीं आएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी नीतियों से सुनहरे भारत की शुरूआत की है। इसे आगे ले जाने के लिए उनका दुबारा पीएम बनना देशहित में है। कहा कि भाजपा की सोच व विजन का मुकाबला कोई भी दल नहीं कर सकता। मोदी ने देश की सीमाएं सुरक्षित करने के साथ-साथ राष्ट्र विरोधी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाआें के माध्यम से विकास का मार्ग प्रशस्त किया है। भाजपा अपने कार्यकर्ताआें के दम पर केंद्र में दोबारा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।