अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आधी आबादी को मिलेगा रिपोर्टिंग चौकी का तोहफा Gorakhpur News
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च को कुशीनगर पुलिस महिलाओं को एक रिपोर्टिंग चौकी का तोहफा देने जा रही है। जिले की दूर-दराज की महिलाओं को अपनी समस्या लेकर नगर स्थित महिला थाने आने में दिक्कत होती थी।
प्रद्युम्न कुमार शुक्ल, गोरखपुर : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च को कुशीनगर पुलिस महिलाओं को एक रिपोर्टिंग चौकी का तोहफा देने जा रही है। जिले की दूर-दराज की महिलाओं को अपनी समस्या लेकर नगर स्थित महिला थाने आने में दिक्कत होती थी। इसका संज्ञान लेते हुए एसपी विनोद कुमार सिंह ने तरयासुजान थाने के तमकुहीराज में रिपोर्टिंग चौकी खोलने का निर्णय लिया है। इससे तमकुहीराज समेत बिहार बार्डर से सटे गांवों की महिलाओं को अब महिला थाने नहीं जाना पड़ेगा और उनकी समस्याओं का समाधान रिपोर्टिंग चौकी पर ही हो सकेगा।
चौकी का होगा अपना भवन
रिपोर्टिंग चौकी में थाने की सुविधा होगी। चौकी का अपना खुद का भवन होगा। इसके अलावा स्टाफ, वाहन व आवास की सुविधा होगी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ आनलाइन चौकी का उद्धाटन करेंगे, जिसके बाद रिपोर्टिंग चौकी में कामकाज शुरू हो जाएगा। अक्सर दूर-दराज की पीड़ित महिलाओं को महिला थाना आने में ज्यादा समय व धन खर्च करना होता था।
एएसपी के अधीन रहेगी चौकी
तमकुहीराज में खुलने वाली रिपोर्टिंग चौकी अपर पुलिस अधीक्षक के अधीन रहेगी। चौकी से जुड़े कार्यों का पर्यवेक्षण सीओ नहीं बल्कि सीधे अपर पुलिस अधीक्षक करेंगे।
महिला उप-निरीक्षक बनायी गईं प्रभारी
रिपोर्टिंग चौकी की प्रभारी महिला उपनिरीक्षक रेखा को बनाया गया है। इसके अलावा चार महिला सिपाहियों की भी तैनाती की गई है। जो चौकी पर शिकायत लेकर पहुंची महिलाओं की समस्या सुन प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्यवाही करेंगी।
हर थाने में होगी महिला सलाहकार समिति
आधी आबादी की सहायता के लिए थानों में शुरू किए गए महिला हेल्प डेस्क के बाद अब थानों में महिला सलाहकार समिति भी होगी। इसके जरिये संभ्रांत व सामाजिक कार्यों में रुचि लेने वाली महिलाओं को पुलिस मौका देगी, जो महिलाओं की समस्या का निस्तारण करा सकें। समिति में चार-पांच की संख्या में महिलाएं होंगी, जो घरेलू समस्याओं का समाधान व मध्यस्थता कराने का कार्य करेंगी। वकील, डाक्टर, शिक्षक व सामाजिक कार्यों में रुचि लेने वाली महिलाएं समिति की सदस्य होंगीं।
तमुकहीराज में होगा रिपोर्टिंग चौकी का उद्घाटन
एसपी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर तमकुहीराज में रिपोर्टिंग चौकी का उद्घाटन होगा। इसी दिन चौकी में कामकाज भी शुरू हो जाएगा। महिलाओं की सहायता के लिए थानों में महिला सलाहकार समिति भी होगी, जो महिलाओं की समस्या का समाधान करेगी। संभ्रांत व सामाजिक कार्यों में रुचि लेने वाली महिलाएं संबंधित थाने, एएसपी या एसपी कार्यालय में आवेदन कर सकती हैं।