गोरखपुर में पंचायत चुनाव के लिए पहुंचे 32.40 लाख मतपत्र, सरगर्मी तेज Gorakhpur News
इस बार प्रधान पद के लिए हरा ग्राम पंचायत सदस्य के लिए सफेद क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए नीला व जिला पंचायत सदस्य पद के लिए गुलाबी रंग के मतपत्र का प्रयोग किया जाएगा। सहायक निर्वाचन अधिकारी जगनरायण मौर्य ने बताया कि सभी मतपत्र पहुंच गए हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारियां धीरे-धीरे जोर पकड़ती जा रही हैं। मतदाता सूची के पुनरीक्षण के साथ ही बैलेट पेपर भी मंगा लिए गए हैं। 19 तारीख को मतपत्र लेने दिल्ली गई टीम चार पदों के लिए 32.40 लाख मतपत्र लेकर लौट आई है।
चुनाव की तारीख तय न होने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में सरगर्मी बढ़ गई है। जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सदस्य के पदों पर एक साथ चुनाव होगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित टीम 19 अप्रैल को मतपत्र लाने दिल्ली गई थी। टीम ने वहां रुककर छपाई भी करायी है। इस बार प्रधान पद के लिए हरा, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए सफेद, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए नीला व जिला पंचायत सदस्य पद के लिए गुलाबी रंग के मतपत्र का प्रयोग किया जाएगा। सहायक निर्वाचन अधिकारी जगनरायण मौर्य ने बताया कि सभी मतपत्र पहुंच गए हैं।
इस बार बढ़े हैं 2.06 लाख मतदाता
मतदाता पुनरीक्षण का काम पूरा होने के साथ ही इस बार बढ़े मतदाताओं की संख्या भी साफ हो गई है। अभी तक 2.06 लाख मतदाता बढ़ गए हैं। नाम काटने व बढ़ाने के लिए 12 नवंबर तक एक और मौका दिया जाएगा। 29 दिसंबर को इसका अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। चार लाख 49 हजार 975 नए वोटर बने। दो लाख 43 हजार 216 लोगों के नाम वोटर लिस्ट से कटे हैं। जिले में पहले 27 लाख 40 हजार 174 वोटर थे।
18 दिसंबर तक पूरा हो जाएगा पंचायतों के परिसीमन का काम
कई गांव नगर निगम एवं नगर पंचायतों में शामिल होने के बाद पंचायतों के परिसीमन का कार्य नए सिरे से किया जा रहा है। यह काम 18 दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद सीटों के लिए आरक्षण तय करने का काम भी शुरू होगा।
मंडलायुक्त ने बूथों का किया निरीक्षण
एमएलसी चुनाव को लेकर मंडलायुक्त जयंत नार्लिकर ने चरगांवा विकास खंड पर बने बूथ का निरीक्षण किया। ब्लाक अधिकारियों से कहा कि बूथ पर किसी भी तरह की कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। सभी वोटरों को शारीरिक दूरी व मास्क का पालन कराने का निर्देश दिया। ब्लाक प्रमुख सुनील पासवान, सदर तहसीलदार डा. संजीव दीक्षित, खंड विकास अधिकारी कृतिका अवस्थी, एडीओ पंचायत श्रीकृष्ण वर्मा व बृजेश राय आदि मौजूद रहे।