छत्तीसगढ़ में अपने दम पर सरकार बनाएगी भाजपा : रमन सिंह
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह अपनी के साथ गोरखपुर आए। उन्होंने गीता प्रेस का अवलोकन किया। पत्राकारों से कहा फिर बनाएंगे सरकार।
गोरखपुर, जेएनएन। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी अपने बलबूते पर सरकार बनाएगी। उन्होंने साफ किया कि किसी से मदद लेने का कोई सवाल ही नहीं है।
मुख्यमंत्री रमन सिंह गोरखपुर के सर्किट हाउस में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने अजीत जोगी से समर्थन लेने के सवाल पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी 2003, 2008 और 2013 में तीन बार सरकार बना चुकी है। चौथी बार 2018 में भी अपने बल बूते पर पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। एग्जिट पोल के मिल रहे रुझानों के सवाल पर उन्होंने कहा कि तमाम एग्जिट पोल के रुझान भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में हैं। लोगों के आकलन अलग-अलग हो सकते हैं लेकिन जनता का आकलन हमें पता है। हमारी जीत सुनिश्चित है। हमने छत्तीसगढ़ में तमाम जनहितकारी योजनाओं को चला रखा है। आम जनता को पता है कि भाजपा सरकार ने कर दिया वह किसी सरकार में दम नहीं है। भारतीय जनता पार्टी हमेशा से जनता की समस्याओं के समाधान के लिए काम करती रही है। छत्तीसगढ़ की जनता को जनहितकारी योजनाओं का लाभ मिला है। इतना ही नहीं केंद्र सरकार की योजनाओं का भी भरपूर लाभ छत्तीसगढ़ की जनता को मिला है। चाहे वह शौचालय का मामला हो या फिर प्रधानमंत्री आवास योजना हो। छत्तीसगढ़ की जनता ने इसे सराहा है। हम अपने कल्याणकारी के बदौलत एक बार फिर छत्तीसगढ़ में सरकार बनाएंगे।
मालूम हो कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह यहां गोरखपुर में महाराणा प्रताप संस्थापक समारोह में हिस्सा लेने के लिए आए हुए हैं। वह मंगलवार को समारोह में शामिल होंगे। सोमवार को अपनी पत्नी के साथ उन्होंने गीताप्रेस का भ्रमण किया और वहां के बारे में जानकारी ली।