भाजपा नेताओं ने कहा-विकास में नित नए आयाम रच रही सरकार Gorakhpur News
18 मार्च को जिला मुख्यालय पर एक बड़ा कार्यक्रम कर प्रदेश सरकार के तीन वर्ष के उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।
गोरखपुर, जेएनएन। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार देश व प्रदेश में विकास के नित नए आयाम रच रही है। देश में प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी देश को समृद्धशाली व शक्तिशाली बना रहे हैं तो वहीं प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आम जनमानस की खुशहाली के लिए एक के बाद एक लाभकारी योजनाएं ला रहे हैं।
संगठन के बल पर ही मिलती है जीत
वह भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई के प्रथम कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल ने कहा कि संगठन के बल पर ही हम कोई भी लड़ाई जीत पाते हैं। देश में प्रदेश में भाजपा सरकार बनी है तो सिर्फ कार्यकर्ताओं की बदौलत बनी है।
18 मार्च को कार्यक्रम के जरिए बताएंगे सरकार की उपलब्धियां
बैठक की प्रस्तावना संबोधन कर भाजपा जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह ने कहा कि आगामी 18 मार्च को जिला मुख्यालय पर एक बड़ा कार्यक्रम कर प्रदेश सरकार के तीन वर्ष के उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। बैठक को जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार शुक्ला, निवर्तमान जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, पिपराइच विधायक महेंद्र पाल सिंह, सहजनवां विधायक शीतल पांडेय, खजनी विधायक संत प्रसाद आदि ने संबोधित किया। संचालन जिला महामंत्री डॉ. आरडी सिंह ने किया।
286 मंडल प्रभारियों की कार्यशाला कल
भारतीय जनता पार्टी के 286 मंडलों के प्रभारियों की कार्यशाला रविवार को रानीडिहा स्थित इंद्रप्रस्थलान में होगी। इसमें भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। यह जानकारी भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने खजनी में आयोजित भाजपा की बैठक के दौरान दी।
ग्राम सभाओं में चौपाल का आयोजन
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर 19 मार्च से 24 मार्च तक प्रत्येक ग्राम सभाओं में चौपाल व प्रत्येक मंडल के एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ ,लालगंज व गोरखपुर महानगर की जिला कार्यसमिति की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी विधायक पंकज सिंह मौजूद रहेंगे। मऊ व बलिया में जिला कार्यसमिति की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री रत्नाकर उपस्थित रहेंगे। महाराजगंज जिले की कार्यसमिति की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि वह स्वयं मौजूद रहेंगे। देवरिया व कुशीनगर जिले की कार्यसमिति बैठक में बतौर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय महामंत्री देवेंद्र यादव, सिद्धार्थनगर व बस्ती जिले की जिला कार्यसमिति बैठक में बतौर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय महामंत्री सहजानंद राय उपस्थित रहेंगे।