चालान कटने पर युवती चाकू लेकर पहुंची SSP आवास, गोरखपुर पुलिस पर मनमानी करने का लगाया आरोप
चालान कटने से नाराज एक युवती चाकू लेकर गोरखपुर एसएसपी आवास पहुंच गई। पुलिस ने उसे समझाकर शांत किया और ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
युवती चालान कटने से नाराज होकर चाकू लेकर एसएसपी आवास पहुंची।
पुलिस ने युवती को समझाकर शांत कराया और चाकू सुरक्षित रखा।
मां ने बताया कि बेटी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। नो पार्किंग में स्कूटी का चालान कटने से नाराज युवती शुक्रवार सुबह करीब हाथ में चाकू लेकर एसएसपी आवास पहुंच गई। गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों की नजर पड़ी तो उसे समझाकर गोलघर चौकी ले जाया गया।
महिला पुलिसकर्मियों ने बातचीत की तो युवती ने बताया कि उसकी स्कूटी का बिना वजह नो पार्किंग में चालान काट दिया गया है। उसका आरोप था कि पुलिसकर्मियों ने मनमानी की है।
युवती कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली है। चौकी पर सूचना मिलने के बाद उसकी मां भी पहुंचीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बेटी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह आए दिन किसी न किसी बात पर घर में पुलिस बुला देती है।
शुक्रवार को भी वह घर से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर निकल गई थी। महिला पुलिसकर्मियों ने युवती से बातचीत कर उसे शांत कराया। पुलिस ने उससे चाकू लेकर सुरक्षित रख लिया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
युवती ने चालान को लेकर नाराजगी जताते हुए पुलिसकर्मियों पर मनमानी का आरोप लगाया। प्रभारी निरीक्षक कैंट जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि युवती को समझाकर उसकी मां के साथ घर भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- संत प्रेमानंद के शिष्य की चौथी मंजिल से गिरकर मृत्यु, हत्या या आत्महत्या...जांच में जुटी पुलिस
