गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर जिले में दो- तीन दिन से रुक- रुककर हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि बुधवार यानी आज भी आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं। इससे लोगों को गर्मी से राहत रहेगी। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।
सूरज और बादलों का संघर्ष जारी: बता दें कि बुधवार की सुबह सुहाने मौसम के साथ हुई। दिन चढ़ने के साथ ही धूप निकलने लगा, लेकिन बादल और धूप की आंख-मिचोली चलती रही। ऐसे में जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। मंगलवार को जिले में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। सुबह से लेकर शाम 4:00 बजे तक सूरज व बादलों में संघर्ष चलता रहा। इसका परिणाम रहा दिन में कभी चटक धूप नजर आई तो कभी बादल छाए दिखे। शाम को बादलों का पलड़ा भारी दिखा तो आसमान में चारों तरफ घने बादल छा गए। शाम 4:30 बजे से बारिश शुरू हुई तो इसका सिलसिला शाम 7:30 बजे तक जारी रहा।
तापमान में आई गिरावट: लगातार बारिश से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। पिछले चार दिनों में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि 4 दिन पूर्व दिन का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस था। मंगलवार को अधिकतम तापमान मई के औसत से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
आज सुबह का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस है। यह मई के औसत न्यूनतम तापमान से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम है। बता दें मई माह का औसत अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस व औसत न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस है।
a