किशोरी को नदी में ढूढ रही थी गोरखपुर पुलिस, घर पहुंची तो भूत समझकर बेहोश हुए परिवार के लोग
गोरखपुर में घर से नाराज होकर निकली एक किशोरी को पुलिस और एसडीआरएफ नदी में तलाश रही थी, लेकिन वह सुरक्षित घर लौट आई।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
किशोरी घर से नाराज होकर निकली थी, पुलिस तलाश रही थी।
नदी में तलाश के बाद किशोरी पंचायत भवन से मिली।
घर लौटी किशोरी को देख परिवार भूत समझकर बेहोश।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। घर से नाराज होकर दो दिन पहले निकली किशोरी सुरक्षित घर पहुंच गई, जबकि एक महिला की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम किशोरी को नदी में तलाश कर रही थी।
उधर, अचानक किशोरी को देख उसकी भाभी समेत तीन लोग उसे भूत समझकर बेहोश हो गए। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद शुक्रवार को पुलिस ने किशोरी को उसके स्वजन को सिपुर्द कर दिया।
यह मामला बेलघाट थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पुलिस के अनुसार किशोरी जुड़वा बहनें है। बुधवार की दोपहर दोनों बहने स्कूल गईं और लौटकर घर पहुंचीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर एक बहन नाराज हो गई और घर से निकल गई। देर शाम तक वापस नहीं आने पर स्वजन ने पुलिस को सूचना दी।
आसपास खोजबीन शुरू की पुलिस को एक महिला ने बताया कि उसने किशोरी को घघरा नदी के पास बैठे देखा था, लेकिन कुछ देर बाद जब वह वापस लौटी तो किशोरी वहां नहीं मिली। आशंका में स्वजन के साथ पुलिस ने नदी में किशोरी की तलाश शुरू की। गुरुवार की सुबह एसडीआरएफ को बुलाया गया और फिर नदी में सर्च अभियान चलाया गया।
शाम को किसी ने किशोरी को जिला पंचायत भवन में होने की सूचना दी। आनन-फानन में पुलिस वहां पहुंची और किशोरी को बरामद किया। पुलिस की पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह घर से नाराज होकर निकली थी, उसके मन में अलग-अलग विचार आ रहे थे। वह नदी के पास कूदने के मकसद से बैठी थी, फिर अचानक मन बदल गया और वहां से चली गई।
इधर, घर के अन्य सदस्यों को पता था कि किशोरी नदी में डूब गई है और उसकी तलाश चल रही है। इसी बीच किशोरी के अचानक घर पहुंचने पर उसकी भाभी और दो लड़कियां भूत समझकर डर गई और चिल्लाते हुए बेहोश हो गई।
एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी ने बताया कि किशाेरी घर से नाराज होकर निकली थी और अवसाद में चली गई थी। वह गांव के पंचायत भवन से बरामद हुई है। विधिक प्रक्रिया पूरी कर स्वजन को सिपुर्द कर दिया गया।
