गोरखपुर में रील बनाने के जुनून में किशोर ने तुर्रा नाले में लगाई छलांग, डूबकर मौत
गोरखपुर में इंटरनेट मीडिया के लिए रील बनाने के दौरान एक किशोर की तुर्रा नाले में डूबने से मौत हो ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
गोरखपुर में रील बनाने के दौरान किशोर की मौत।
तुर्रा नाले में छलांग लगाने से गहरे पानी में डूबा।
दो दोस्तों को चरवाहों ने बचाया, मोनू की मौत।
संवाद सूत्र, कुसम्ही बाजार, (गोरखपुर)। इंटरनेट मीडिया के लिए रील बनाना एक किशोर की जान पर भारी पड़ गया। बहरामपुर स्थित तुर्रा नाले में गुरुवार दोपहर पुल से नाले में छलांग लगाकर वीडियो बना रहे तीन दोस्तों में से एक किशोर गहरे पानी में डूब गया, जबकि दो अन्य को आसपास मौजूद चरवाहों ने साहस दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना एम्स थाना क्षेत्र की है।
महादेव झारखंडी टुकड़ा नंबर-दो निवासी मोनू राजभर अपने दोस्तों सुंदरलाल गुप्ता और विकास गुप्ता के साथ कुसम्ही जंगल स्थित देवाचावर माता मंदिर की ओर जा रहा था। रास्ते में तीनों तुर्रा नाले के पुल पर रुक गए और मोबाइल फोन से रील बनाने लगे।
इसी दौरान उन्होंने पुल से पानी में छलांग लगाई, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण तीनों फंस गए। दोस्तों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद चरवाहे मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पानी में उतरकर सुंदरलाल और विकास को बाहर निकाल लिया, लेकिन मोनू का पता नहीं चल सका।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर वैभव हत्याकांड में मुख्य आरोपी के पिता, भाई समेत चार गिरफ्तार
काफी तलाश के बाद उसे बाहर निकाला गया और पुलिस की मदद से तत्काल एम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर एम्स पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मोनू दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
