विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर: स्कूल में मासूम को पीटने वाली शिक्षिका की शिकायत दर्ज, 3 साल के बच्चे से बर्बरता के आरोप

Published: Sun, 18 Oct 2026 06:26 PM (IST)

गोरखपुर में एक स्कूल शिक्षिका पर 3 साल के बच्चे को थप्पड़ मारने और सिर नोचने का आरोप लगा है। ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड तस्वीर।

एआई जनरेटेड तस्वीर।

HighLights

  1. तीन साल के बच्चे से स्कूल में मारपीट का मामला।

  2. शिक्षिका पर थप्पड़ मारने, सिर नोचने का आरोप।

  3. पिता ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शिकायत की।

जागरण संवाददाता,गोरखपुर। तीन वर्ष के बच्चे के साथ स्कूल में मारपीट और प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। परिजनों ने शिक्षिका पर बच्चे को थप्पड़ मारने और सिर को नाखून से नोचने का आरोप लगाया है। पिता का दावा है कि स्कूल का सीसीटीवी फुटेज देखने पर बच्चे को थप्पड़ मारते और बाल खींचते हुए शिक्षिका दिखीं।

शनिवार को पिता ने शाहपुर थाने में तहरीर देकर स्कूल का एक महीने का सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कराने की मांग की है, ताकि साक्ष्य मिटाए न जा सकें। शाहपुर के एचएन सिंह चौराहे के पास गोविंद नगरी निवासी अतुल सिंह के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा शहर के एक स्कूल में कक्षा तीन में पढ़ता है, जबकि छोटे बेटे की उम्र तीन साल है।

अतुल ने जुलाई में छोटे बेटे का पास के एक स्कूल में दाखिला कराया था। आरोप है कि दाखिले के बाद से ही बच्चे को परेशान किया जा रहा था। वे जब भी उसे स्कूल जाने के लिए कहते, वह रोने लगता था। अतुल के मुताबिक, 4 दिन पहले स्कूल से वीडियो काल आया था। इसमें उनका बेटा कांपते हुए रो रहा था।

शिक्षिका ने बताया कि बच्चा खाना नहीं खा रहा है। आरोप है कि इस दौरान बच्चे के मुंह में रोटी ठूंस दी गई थी। जानकारी मिलने पर परिवार के लोग स्कूल पहुंचे और बच्चे को घर ले आए। मां सालवी सिंह के अनुसार, घर आने के बाद बच्चा काफी डरा हुआ था। स्कूल का नाम सुनते ही चीखने और रोने लगता था।

बच्चे ने घर पर बताया कि शिक्षिका ने उसकी पिटाई की है। परिजनों को उसके सिर पर नाखून से नोचने के निशान भी मिले। पिता का आरोप है कि अगले दिन स्कूल जाकर उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखा। उनके दावे के मुताबिक, फुटेज में शिक्षिका बच्चे को थप्पड़ मारती और उसके सिर को नाखून से नोचती दिखाई दीं।

इसके बाद उन्होंने प्रधानाचार्य से मिलकर एक महीने का सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की मांग की तो वह नाराज हो गए। थानाध्यक्ष शाहपुर अंजय सिंह ने बताया कि आरोप की जांच कराई जा रही है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।