गोरखपुर पुलिस व SDRF की चार टीमों ने तीसरे दिन भी की तलाश, नहीं मिला प्रिंस; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
गोरखपुर में राप्ती नदी में लापता 16 वर्षीय छात्र प्रिंस कुमार की तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तीसरे ...और पढ़ें

पथरा में बच्चे के राप्ती नदी के किराने से गायल होने के बाद पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते स्थानीय लोग। जागरण
HighLights
16 वर्षीय छात्र प्रिंस कुमार राप्ती नदी में लापता।
पुलिस, एसडीआरएफ की चार टीमें तीसरे दिन भी तलाश में।
परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए सड़क जाम की।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। दो दोस्तों संग मंगलवार की अपराह्न साढ़े तीन बजे राप्ती नदी में गया छात्र गायब हो गया। पुलिस व एसडीआरएफ की चार टीमें तीसरे दिन भी राप्ती नदी में उसका तलाश करती रहीं, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इससे टीम के साथ रहे परिवार के लोग भी निराश हुए। परिवार के लोगों के साथ मोहल्ले के लोगों ने गुरुवार को भी एक घंटे तक सड़क जाम किया था। इस मामले में रामगढ़ताल थाना पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध बुधवार को ही मुकदमा दर्ज कर लिया था।
रामगढ़ताल थाना के सेमरा देवी प्रसाद छोटका पथरा निवासी सत्यपाल निषाद का बड़ा बेटा प्रिंस कुमार 16 वर्ष एमजी इंटर कालेज में 10वीं कक्षा में पढ़ता था। मंगलवार की अपराह्न साढ़े तीन बजे राजघाट थाना के चकरा दोयम के दो दाेस्त स्कूटी से उसे लेकर राप्ती नदी की ओर गए।
कुछ घंटे बाद दोनों ने परिवारवालों को उसके नदी में डूबने की सूचना दी। दोनों उसका कपड़ा पहन लिए थे और मोबाइल फोन लेकर चले आए थे। सूचना मिलते ही राजघाट पुलिस ने एसडीआरएफ के सहयोग से तलाश शुरू की। इधर पुलिस ने बुधवार को उसका चप्पल राप्ती नदी के तट और कपड़ा व मोबाइल फोन अमरूतानी से बरामद किया।
परिवार के लोगों ने हत्या व पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए छह घंटे तक सड़क जाम किया था। बुधवार व गुरुवार को भी पुलिस व एसडीआरएफ की चार टीमें राप्ती नदी में प्रिंस की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
इस दौरान परिवार व मोहल्ले के लोग भी साथ रहे। आक्रोशित होकर एक घंटे के लिए सड़क जाम कर दिया था। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि चार टीमें राप्ती नदी में प्रिंस की तलाश कर रही हैं। शुक्रवार को भी तलाश जारी रहेगी।
