गोरखपुर रेस्टोरेंट विवाद: 550 रुपये के बिल पर पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों में कहासुनी, दारोगा लाइन हाजिर
गोरखपुर में देर रात रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों के बीच 550 रुपये के बिल को लेकर ...और पढ़ें

HighLights
रेस्टोरेंट में 550 रुपये के बिल पर पुलिसकर्मियों से विवाद।
रोटी बनाने में देरी से शुरू हुई कहासुनी हंगामे में बदली।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दारोगा लाइन हाजिर, जांच जारी।
संवाद सूत्र, चरगांवा। रेस्टोरेंट में देर रात खाना खाने पहुंचे पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि रोटी बनाने में समय लगने की बात से शुरू हुई कहासुनी खाना खाने के बाद 550 रुपये मांगने पर हंगामे में बदल गई। करीब आधे घंटे तक चले घटनाक्रम में कर्मचारियों को धमकाने और रेस्टोरेंट बंद कराने की बात कहने का आरोप है।
संचालक दुर्गेश ने सीसी कैमरे के फुटेज और प्रार्थना पत्र सीओ गोरखनाथ रवि प्रकाश सिंह को सौंपा। सीओ गोरखनाथ दारोगा आशुतोष सैनी समेत अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कर रहे है।
शाहपुर क्षेत्र में फातिमा बाइपास रोड बांसमंडी के पास स्थित रेस्टोरेंट के संचालक के अनुसार रविवार शाम छह बजे एक व्यक्ति रेस्टोरेंट में मटन देकर गया था। उसने मटन और चावल तैयार करने के लिए कहा था। रात 10:30 बजे पादरी बाजार चौकी से जुड़े तीन दारोगा और दो सिपाही काली स्कार्पियो से रेस्टोरेंट पहुंचे। इनमें कुछ पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे।
आरोप है कि खाना परोसते समय पुलिसकर्मियों ने मटन और चावल के साथ रोटी भी मांगी। कर्मचारियों ने बताया कि रोटी का आर्डर नहीं दिया गया था और इसे तैयार करने में करीब आधे घंटे का समय लगेगा। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बाद में पुलिसकर्मियों ने मटन और चावल खाया।
खाना खाने के बाद कर्मचारियों द्वारा 550 रुपये मांगने पर विवाद बढ़ गया। गाली गलौच के साथ दारोगा ने रेस्टोरेंट बंद कराने की धमकी दे दी। यह पूरा घटनाक्रम रेस्टोरेंट पर लगे सीसी कैमरे में कैद हो गया। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी
