Gorakhpur News: कंडा रखने के विवाद में वृद्ध महिला की पीटकर हत्या, आरोपित दंपती घर छोड़कर फरार
कंडा रखने के विवाद में वृद्ध महिला सोना देवी की पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपित दंपती घर छोड़कर फरार हो गए। मृत महिला के पुत्र की तहरीर पर पुलिस आरोपितों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है।
सहजनवां, जागरण संवाददाता: थाना क्षेत्र के हरदी गांव में बुधवार को कंडा रखने के विवाद में वृद्ध महिला सोना देवी की पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपित दंपती घर छोड़कर फरार हो गए। मृत महिला के पुत्र की तहरीर पर पुलिस आरोपितों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है। उधर, दो पक्षों में तनाव को देखते हुए गांव में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
बुधवार की सुबह करीब 11:30 बजे हरदी गांव की रहने वाली 70 वर्षीय सोना देवी खाली जमीन पर कंडा पाथने गई थीं, जहां पर पट्टीदारी की एक अन्य महिला सोना भी कंडा पाथ रही थी। आरोप है कि कंडा रखने को लेकर दोनों महिलाओं में विवाद हो गया। इसमें सोना ने अपने पति कृपाल यादव के साथ वृद्धा सोना देवी को लाठी-डंडे से बुरी तरह से पीट दिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही वह बेहोश हो गई। सूचना पर सहजनवां और गीडा थाना पुलिस गांव पहुंची और घायल वृद्ध महिला को बीआरडी मेडिकल कालेज भिजवाया, जहां पर उपचार के दौरान शाम को वृद्धा की मृत्यु हो गई।
कार्यवाहक थानेदार सहजनवां अवधेश पाण्डेय ने बताया कि गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। रमेश यादव की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर आरोपितों की तलाश की जा रही है।