Gorakhpur News: चौरी-चौरा में तोड़फोड़ करने वाले उपद्रवियों की संपत्ति नीलाम करेगा गोरखपुर जिला प्रशासन
चौरी चौरा क्षेत्र के एक जवान की सिक्किम में मौत के बाद चौरीचौरा में हुए बवाल को लेकर प्रशासन ने सख्त रूख अपनाया है। उपद्रवियों की पहचान करने के बाद कई को गिरफ्तार कर जेल भेजने के बाद प्रशासन अब इनसे हुए नुकसान की वसूली करने जा रहा है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। चौरी-चौरा उपद्रव में शामिल आरोपितों की संपत्ति नीलाम करके सरकारी क्षति की भारपाई होगी। एसएसपी ने संपत्ति नुकसान के लिए प्रशासन से सहयोग मांगा है। इसके लिए अपर जिलाधिकारी के पास उन्होंने पत्र भेजकर सरकारी संपत्ति के क्षति का आंकलन करने के लिए कहा है। क्षति का आंकलन होने के बाद पुलिस आरोपितों के घर पर नोटिस चस्पा करेगी।
यह है मामला
झंगहा इलाके के राघोपट्टी निवासी धनंजय यादव की बीते 23 मार्च को सिक्किम में मौत हो गई थी। उन्हें शहीद का दर्जा दिलाने के बहाने चौरी चौरा के भोंपा बाजार में बीते 25 मार्च को कुछ लोगों उपद्रव किया था। आरोप है कि भीड़ में शामिल होकर कुछ लोगों ने रेलवे ट्रैक को जाम करने के की कोशिश की थी। पुलिस के वाहनों पर पथराव किया था। बाद में पुलिस ने अलग-अलग गंभीर धाराओं में सात मुकदमे दर्ज किए थे। इसमें 56 नामजद और 200 अज्ञात को आरोपित बनाया गया था। पुलिस अब सरकारी संपत्ति नुकसान के रिकवरी की तैयारी कर रही है। इसके लिए एसएसपी ने प्रशासन का सहयोग मांगा है।
सरकारी संपत्ति में हुए नुकसान की रिकवरी उपद्रवियों से की जाएगी। प्रशासन की मदद से नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - डा. विपिन ताडा, एसएसपी।
गीडा गोरखपुर का नौंवा सर्किल, शहर से जुड़ा गुलरिहां : गोरखपुर की पुलिसिंग में बड़ा बदलाव किया गया है। गीडा को नई सर्किल बना दिया गया है। इसमें गीडा सहित सहजनवां व हरपुर बुदहट थाने को शामिल किया गया है। अभी तक गीडा व सहजनवां थाना कैंपियरगंज सर्किल का हिस्सा था। हरपुर बुदहट थाना खजनी सर्किल में था। इससे गोरखपुर जिले में अब आठ के बजाय नौ सर्किल हो गई है। इसके अलावा गुलरिहा थाने को शहर के गोरखनाथ सर्किल से जोड़ दिया गया है।
अब एसपी सिटी के अधिकार क्षेत्र में गुलरिहा : गोरखनाथ सर्किल में अभी तक सिर्फ दो थाना गोरखनाथ व शाहपुर शामिल था, लेकिन अब इसमें गुलरिहा थाना भी बढ़ा दिया गया है। पहले गुलरिहा थाना चौरीचौरा सर्किल में था। इससे काफी दिक्कत हो रही थी। अब चौरीचौरा सर्किल में पिपराइच, झंगहा और चौरीचौरा थाना रहेगा। गुलरिहा थाना चौरीचौरा से निकल कर गोरखनाथ सर्किल में शामिल होने से अब गुलरिहा थाना शहर का हिस्सा बन गया है। अर्थात अब यह एसपी सिटी के अधिकार क्षेत्र में आ गया है। इससे पहले यह एसपी नार्थ के अधिकार क्षेत्र में था।