गोरखपुर में रुस्तमपुर-मलौनी बांध मार्ग पर नई पाइपलाइन का काम शुरू, 800 से अधिक घरों को मिलेगा लाभ
गोरखपुर में रुस्तमपुर ढाले से मलौनी बांध तक सड़क चौड़ीकरण के साथ जलकल विभाग ने नई पाइपलाइन बिछाने का काम ...और पढ़ें
-1782977678056_m.webp)
रुस्तमपुर से मलौनी बांध तक बिछने वाली नई पाइपलाइन की शुरुआत कराते जलकल महाप्रबंधक रघुवेंद्र कुमार।
HighLights
रुस्तमपुर से मलौनी बांध तक सड़क चौड़ीकरण के साथ पाइपलाइन बिछेगी।
3.69 करोड़ रुपये की लागत से नई पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू।
800 से अधिक घरों को मिलेगा बेहतर पेयजल कनेक्शन का लाभ।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रुस्तमपुर ढाले से आजाद चौक, बगहा बाबा मंदिर होते हुए मलौनी बांध तक जाने वाले मार्ग के चौड़ीकरण का काम पहले ही शुरू हो चुका है। अब सड़क निर्माण के साथ ही जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जलकल विभाग ने भी पाइप लाइन शिफ्टिंग का काम शुरू करा दिया है।
बुधवार को 3.69 करोड़ रुपये की लागत से दोनों तरफ नई पाइप लाइन बिछाने का शुभारंभ किया गया। इससे सड़क निर्माण के बाद पाइप लाइन टूटने या दोबारा खुदाई की समस्या से बचा जा सकेगा।
मलौनी बांध डोमवा ढाला के पास जेसीबी पर नारियल फोड़कर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कार्य शुरू कराया गया। इस मौके पर पार्षद प्रतिनिधि चंद्रप्रकाश सिंह उर्फ गोली सिंह, पार्षद धर्मेंद्र सिंह, पार्षद प्रतिनिधि छत्रधारी यादव, पार्षद विनोद पासवान के साथ जलकल महाप्रबंधक रघुवेंद्र कुमार, सहायक अभियंता राकेश यादव और अवर अभियंता धीरज वर्मा मौजूद रहे।
जलकल महाप्रबंधक रघुवेंद्र कुमार ने बताया कि लोक निर्माण विभाग जैसे-जैसे सड़क और नाला निर्माण का काम आगे बढ़ाएगा, उसी के साथ जलापूर्ति पाइप लाइन शिफ्टिंग का काम भी चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए पहले से ही व्यवस्था की जा रही है।
सड़क के दोनों ओर डाली जाएगी करीब 5400 मीटर पाइपलाइन
रुस्तमपुर ढाला से डोमवा ढाला मलौनी बांध तक मार्ग की लंबाई करीब 2700 मीटर है। सड़क की दोनों पटरियों पर कुल 5400 मीटर लंबाई में नई पाइप लाइन डाली जाएगी। अलग-अलग हिस्सों में 250 एमएम, 200 एमएम और 150 एमएम व्यास की डीआइ पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
नई पाइप लाइन बिछने के बाद क्षेत्र के करीब 800 से अधिक घरों को जलापूर्ति कनेक्शन दिया जाएगा। सड़क चौड़ीकरण के साथ जलापूर्ति नेटवर्क मजबूत होने से आसपास के लोगों को पेयजल सुविधा में सुधार मिलने की उम्मीद है।
