यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 29, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Gorakhpur-Nakha Railway Line: गोरखपुर-नकहा रेलमार्ग का दोहरीकरण दिसंबर तक होगा पूरा, ट्रेनों का संचालन होगा सुगम
डोमिनगढ़-कुसम्ही थर्ड लाइन और गोरखपुर-नकहा रेलमार्ग के दोहरीकरण का काम दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है। रेल मंत्रालय ने ...और पढ़ें

HighLights
- निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए रेल मंत्रालय ने किया 30 करोड़ का प्रविधान
- गोरखपुर जंक्शन से नकहा जंगल स्टेशन के बीच सुगम होगा ट्रेनों का संचालन
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। डोमिनगढ़- कुसम्ही थर्ड लाइन के साथ गोरखपुर-नकहा रेलमार्ग का दोहरीकरण भी दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। गोरखपुर के रास्ते डोमिनगढ़ से कुसम्ही के बीच बिछ रही थर्ड लाइन के साथ गोरखपुर-नकहा जंगल स्टेशन के दोहरीकरण कार्य में तेजी लाने के लिए रेल मंत्रालय ने 30 करोड़ रुपये का प्रविधान किया है। गोरखपुर से नकहा तक डबल लाइन बिछ जाने से ट्रेनों का संचालन सुगम हो जाएगा। ट्रेने बिना वजह नकहा स्टेशन पर नहीं रुकेंगी। समय पालन दुरुस्त होगा।
बजट में रेल मंत्रालय ने पूर्वोत्तर रेलवे में तीसरी लाइन व दोहरीकरण के लिए 1,242.10 करोड़ रुपये का प्रविधान किया है। गोरखपुर कैंट-वाल्मीकिनगर रेलमार्ग का दोहरीकरण युद्धस्तर पर आरंभ हो चुका है। भटनी से औड़िहार तक 116 किमी रेल लाइन पर 61 किमी लाइन का दोहरीकरण पूरा हो गया है। शेष 55 किमी के दोहरीकरण का कार्य भी तेज है। शेष कार्य भी वर्ष 2025 में पूरा हो जाएगा।
इसे भी पढ़ें-गोरखपुर में हथियार लाइसेंस के लिए नया नियम, घर में होगी जगह तभी होगा वरासत
जानकारों के अनुसार थर्ड लाइन और दोहरीकरण के साथ गोरखपुर जंक्शन के यार्ड रिमाडलिंग की भी योजना है। कैंट और कुसम्ही स्टेशन यार्ड की रिमाडलिंग हो चुकी है। गोरखपुर के रास्ते बाराबंकी से छपरा तक तीसरी रेल लाइन बिछाने की भी कवायद शुरू हो चुकी है। लगभग 425 किमी मुख्य रेलमार्ग पर थर्ड लाइन बिछाने का प्रस्ताव तैयार हो चुका है। रेलवे प्रशासन ने थर्ड लाइन के लिए चरणवार सर्वे कार्य भी आरंभ कर दिया है।
