गोरखपुर किशोरी दुष्कर्म: सात और गिरफ्तार, देह व्यापार की धारा बढ़ी, होटल सील
चौरी चौरा पुलिस ने नौवीं की छात्रा से दुष्कर्म मामले में दंपती समेत सात और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

बाएं से मानवेन्द्र पाण्डेय उर्फ विनीत, हरमिंदर उर्फ टिन्नू, अजय निषाद,आकाश गौंड, रोहित साहनी। जागरण
संवाद सूत्र, मुंडेरा बाजार, (गोरखपुर)। किशोरी से दुष्कर्म के मामले में चौरी चौरा पुलिस ने दंपती समेत सात और आरोपितों को गिरफ्तार कर गुरुवार को कोर्ट में पेश करते हुए जेल भेजा है। इनके पास से बरामद छह मोबाइल फोन से पुलिस को बहुत से साक्ष्य मिले है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध दर्ज दुष्कर्म में अनैतिक देह व्यापार की धारा बढ़ा दी है।
इसके अलावा मधुबन होटल संचालक समेत चार को जेल भेजने के बाद पुलिस ने गुरुवार को जांच के क्रम में होटल सील कर दिया है। चार महीने तक घर से लापता रही किशोरी को अलग-अलग जगह ले जाकर आरोपितों ने दुष्कर्म किया था।
एसपी नार्थ ज्ञाानेंद्र कुमार ने नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद घटना का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया आरोपितों की पहचान कुशीनगर के तरयासुजान बाघाचौर के रोहित साहनी, उसकी पत्नी निशा चौहान उर्फ राधिका, संतकबीरनगर के घनघटा की रिया शुक्ला उर्फ नीतू , देवरिया के रूद्रपुर पांडेय टोला के एमबीए छात्र मानवेंद्र पांडेय उर्फ विनीत उर्फ बाबा, झंगहा थाना के गहिरा शाही टोला के मीट विक्रेता आकाश गौंड़, चौरी चौरा के फुटहवा इनार के आटो चालक हरमेंद्र जायसवाल उर्फ टिन्नू, तरकुलहा मोड़ निवासी मीट विक्रेता अजय निषाद के रूप में की है।
एसपी नार्थ ने बताया कि एक नवंबर को चौरी चौरा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा मौसी के घर से स्कूल जाने के लिए निकली। रास्ते में उसे आटो चालक हरमेंद्र जायसवाल उर्फ टिन्नू मिला। छात्रा ने अपने बयान में बताया कि टिन्नू उसे आटो में बैठाकर एक निर्माणाधीन मकान में लेकर गया। जहां पर उसने शारीरिक संबंध बनाया।
कुछ देर बाद उसे दो दोस्त किशन सिंह और मुर्गा काटने वाले समीर उर्फ दिलशाद भी आ गए, इन दोनों ने भी उसके साथ बारी-बारी से संबंध बनाए। इस दौरान दो आरोपित बाहर खड़े होकर पहरेदारी में लगे रहे। इसके बाद तीनों आरोपित आटो से लाकर उसे सड़क पर छोड़ दिए और फरार हो गए।
यहां से किशोरी ने आटो पकड़कर घर न जाकर इंजीनियरिंग कालेज के पास एक दुकान पर पहुंची। उसकी मुलाकात इंजीनियरिंग कालेज के पास किराए के कमरे में रहकर एमबीए की पढ़ाई करने वाले रुद्रपुर के मानवेंद्र से हुई। किशोरी को गुमसुम बैठा देख मानवेंद्र ने उससे बातचीत की। फिर उसे घुमाने लेकर चला गया।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर के मधुबन होटल में किशोरी से हुआ दुष्कर्म, 10 लोगों ने अलग-अलग जगह की हैवानियत
रास्ते में मानवेंद्र ने उससे शादी करने और शौक पूरा कराने का झांसा दिया। रात में कमरे ले जाकर उससे संबंध बनाया। दूसरे दिन आरोपित मानवेंद्र किशोरी को लेकर रामगढ़ताल क्षेत्र में किराए पर रहने वाले दोस्त रोहित साहनी के कमरे पर पहुंचा।
एक महीने से रोहित के मकान में रही किशोरी
रोहित साहनी के घर किशोरी एक महीने तक रही। बीच-बीच में मानवेंद्र उसके कमरे पर आता और संबंध बनाकर चला जाता रहा। छात्रा ने पुलिस को बताया कि रोहित ने भी उसके साथ संबंध बनाए थे। जबकि उसकी पत्नी निशा चौहान गलत काम करने का दबाव बनाती रही। मजबूर कर कई लोगों से संबंध बनवाए। परेशान होकर वह एक दिन उनके कमरे से भाग गई और तरकुलहा पहुंची।
यहां पर उसकी मुलाकात मीट विक्रेता आकाश गौंड से हुई। बातचीत करते हुए उसने भी घुमाया-फिराया और शादी करने का झांसा देकर अपने दोस्त मीट विक्रेता अजय निषाद के कमरे पर लेकर गया और संबंध बनाया। एसपी नार्थ ने बताया कि आरोपित आकाश ने ही छात्रा के मांग में सिंदूर भरकर तीन से चार बार मधुबन होटल लेकर गया और शारीरिक संबंध बनाए।
पत्नी बनाकर कूड़ाघाट में लिया किराए का कमरा
एसपी नार्थ के अनुसार तरकुलहा और मधुबन होटल के बीच घूमते हुए आकाश की मुलाकात नीतू उर्फ रिया शुक्ला से हुई। दोनों ने उनसे किराए के कमरे को लेकर बात की, जिसके बाद नीतू ने उन्हें आवास-विकास कालोनी कूड़ाघाट में अपने कमरे के ऊपर वाले कमरे को किराए पर दिलाया।
यहां पर दोनों डेढ़ महीने तक रहे, तभी मानवेंद्र को इसकी जानकारी हुई और वह वहां भी जाने लगा। कुछ दिनों बाद दोबारा से उसे बहला-फुसलाकर साथ लाया और अपने दोस्त रोहित साहनी के कमरे पर रखा। उधर, गुमशुदगी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस को जब किशोरी के लोकेशन की जानकारी हुई तो 23 मार्च को मौके पर पहुंचकर उसे बरामद किया।
नंबर बदलकर पिता से करती रही बात
पुलिस के अनुसार किशोरी के पिता गुजरात में रहकर काम करते हैं। घर पर वह मां के साथ रहती है और बच्चों में सबसे बड़ी है। पिता द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद किशोरी और उसके पिता के बीच कई बार बातचीत हुई है। जब भी किशोरी को मौका मिलता था, वह अलग-अलग मोबाइल फोन नंबरों से अपने पिता के पास फोन करती और बात करती थी। लेकिन, उसके पिता ने कभी भी बातचीत के दौरान यह नहीं पूछा की कहां हो।
