‘मेरा अपहरण हो गया है… बस में जबरन ले जा रहे’ पुलिस कंट्रोल रूम पर आई कॉल से मचा हड़कंप
मुंबई से लौट रहे एक युवक ने गोरखपुर में गलती से गलत बस में बैठने के बाद अपने अपहरण की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मुंबई से लौट रहे युवक ने अपहरण की सूचना दी।
गलती से महराजगंज डिपो की बस में बैठ गया था।
पुलिस ने सर्विलांस से युवक को सुरक्षित बरामद किया।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुंबई से घर लौट रहे 38 वर्षीय युवक ने अनजान रास्ता देखकर पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर दिया कि उसका अपहरण हो गया है और बस में कुछ लोग जबरन उसे लेकर जा रहे हैं।
अपहरण की सूचना मिलते ही कैंट पुलिस सक्रिय हुई और सर्विलांस के जरिये उसकी तलाश शुरू कर दी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक मेडिकल कॉलेज रोड के पास महराजगंज डिपो की रोडवेज बस में सुरक्षित मिल गया। इसके बाद पुलिस और परिवार ने राहत की सांस ली।
यह है पूरा मामला
मामला शनिवार रात करीब नौ बजे का है। कुशीनगर जिले के गरहिया गांव निवासी जितेंद्र चौहान तीन महीने पहले पेंट-पॉलिश का काम करने मुंबई गया था। काम पूरा करने के बाद वह शनिवार को मुंबई से घर लौट रहा था। उसे कुशीनगर जाने वाली बस पकड़नी थी, लेकिन गोरखपुर पहुंचने पर वह गलती से महराजगंज जाने वाली रोडवेज बस में बैठ गया।
बस कुछ दूर आगे बढ़ी तो रास्ता जितेंद्र को अनजान लगा। उसे समझ नहीं आया कि वह सही दिशा में जा रहा है या नहीं। घबराए जितेंद्र ने कंट्रोल रूम को फोन कर दिया। उसने बताया कि उसका अपहरण हो गया है और बस में कुछ लोग उसे जबरन लेकर जा रहे हैं।
मोबाइल की लोकेशन खंगाली
सूचना मिलते ही कैंट पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सर्विलांस की मदद से मोबाइल की लोकेशन खंगालनी शुरू की। पुलिस को कुछ देर बाद लोकेशन बशारतपुर के पास मिली। जांच में पता चला कि उस दिशा में महराजगंज डिपो की एक रोडवेज बस गई है।
पुलिस ने बस के कंडक्टर से संपर्क किया तो उसने बताया कि एक युवक बस में बैठा है, जिसकी गतिविधि असामान्य है। इसके बाद पुलिस ने मेडिकल कॉलेज रोड पर मोगलहा के पास बस को रुकवाकर जितेंद्र को सकुशल बरामद कर लिया।
घबराहट में दी थी सूचना
पूछताछ में सामने आया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। रास्ते की जानकारी न होने और बस के अनजान दिशा में जाने से उसे लगा कि वह किसी मुसीबत में फंस गया है। इसी घबराहट में उसने अपहरण की सूचना दे दी। युवक के सकुशल मिलने के बाद पुलिस ने परिवार को सूचना दी और पिता को बुलाकर उसे घर भेजा।
