विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर: जमीन विवाद में युवक ने उठाया आत्मधाती कदम, पुलिस के सामने खुद को लगाई आग; 4 को हिरासत में लिया

Published: Tue, 22 Sep 2026 07:36 PM (IST)

पिपराइच के मौलाखोर गांव में जमीन विवाद को लेकर महंथ सिंह ने राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में आत्मदाह का प्रयास किया, जिससे वह झुलस गए।

News Article Hero Image

HighLights

  1. पिपराइच में जमीन विवाद पर युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया।

  2. पुलिस और राजस्व टीम की मौजूदगी में हुई यह घटना।

  3. घटना के बाद सड़क जाम, पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया।

संवाद सूत्र, पिपराइच। जमीन पर कब्जे को लेकर पिपराइच थाना के मौलाखोर गांव के पिपरा बनवरी टोले में मंगलवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में गंगा सागर सिंह के बेटे महंथ सिंह ने ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। आग से झुलसे महंथ को पुलिस ने एंबुलेंस से बीआरडी मेडिकल कालेज भेजा। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति रही।

घटना के विरोध में महंथ के स्वजन और समर्थक पिपराइच-गोरखपुर मार्ग पर बैठकर जाम लगाने लगे। पुलिस ने लोगों को हटाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। करीब 45 मिनट तक मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने लाठी फटकारकर लोगों को हटाया और जाम खुलवाया।

इस दौरान चार लोगों को हिरासत में लिया गया। बताया जाता है कि मौलाखोर गांव में गुड्डी देवी और गंगा सागर सिंह पक्ष के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे राजस्व टीम और पुलिस की मौजूदगी में गुड्डी देवी पक्ष ने विवादित जमीन पर ईंट-मिट्टी से निर्माण शुरू कराया।

इसकी जानकारी होने पर गंगा सागर भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर महंथ ने ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा ली। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आग बुझाई और उसे उपचार के लिए भेजा।

राजस्व अभिलेख में गुड्डी का नाम दर्ज होने का दावा

गंगा सागर का कहना है कि स्व. जगदीश सिंह की शादी नहीं हुई थी। उनके भाई ने जमीन की वरासत उनके पक्ष में कराई थी। उनका दावा है कि गुड्डी देवी जगदीश सिंह की बेटी नहीं हैं। वहीं, राजस्व अभिलेखों में गुड्डी देवी का नाम दर्ज होने की बात सामने आई है। इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी कई बार विवाद हो चुका है।

यह भी पढ़ें- यूपी के बुजुर्गों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा: 75 जिलों के वृद्धाश्रमों के लिए तैयार किया बड़ा प्लान

ग्रामीणों का आरोप है कि कीमती जमीन पर कुछ प्रापर्टी डीलरों की नजर है और कब्जे के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। विवाद के निस्तारण के लिए पुलिस ने उपजिलाधिकारी सदर से राजस्व टीम की मांग की थी।

यह भी पढ़ें- यूपी के 41424 होमगार्ड अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी, ट्रेनिंग के लिए 1000000 कारतूस खरीदेगी योगी सरकार

नायब तहसीलदार डा. भागीरथी सिंह ने बताया कि पुलिस की मांग पर राजस्व टीम मौके पर भेजी गई थी। थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि जमीन विवाद के मद्देनजर राजस्व टीम ने पुलिस फोर्स मांगी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।