विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जन्माष्टमी पर गोरखपुर अस्पताल में गूंजी किलकारियां, 27 नवजात बने कृष्ण-राधा

Published: Sat, 05 Sep 2026 01:22 PM (IST)

गोरखपुर के जिला महिला अस्पताल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर 27 बच्चों का जन्म हुआ, जिनमें 16 सिजेरियन और 11 सामान्य ...और पढ़ें

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन जिला महिला अस्पताल में जन्म ली जुड़वा बच्ची को वस्त्र व गिफ्ट देते प्रमुख अधिक्षक अनिल कुमार झां l जागरण

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन जिला महिला अस्पताल में जन्म ली जुड़वा बच्ची को वस्त्र व गिफ्ट देते प्रमुख अधिक्षक अनिल कुमार झां l जागरण

HighLights

  1. जिला महिला अस्पताल में जन्माष्टमी पर 27 प्रसव हुए।

  2. नवजातों को कृष्ण-राधा के वस्त्र व उपहार दिए गए।

  3. कई बच्चों के नाम कृष्ण, राधा, रुक्मिणी रखे गए।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म को लेकर शुक्रवार को जहां तैयारियां चल रही थीं। वहीं जिला महिला अस्पताल में भी उत्साह का माहौल रहा। शुभ घड़ी में एक के बाद एक नवजात की किलकारी सुनाई पड़ी तो अस्पताल का माहौल उत्सव में बदल गया। किसी परिवार को अपना कान्हा मिला तो किसी के घर राधा ने जन्म लिया।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर जिला महिला अस्पताल में रात 10 बजे तक 27 नवजातों ने जन्म लिया। इनमें 16 सिजेरियन और 11 सामान्य प्रसव शामिल रहे। सिजेरियन प्रसव से आठ बालक और आठ बालिकाओं ने जन्म लिया, जबकि सामान्य प्रसव से पांच बालक और पांच बालिकाएं पैदा हुईं। आधी रात तक बच्चों के जन्म को लेकर परिवारीजन में उत्सुकता बनी रही।

प्रमुख अधीक्षक डा. अनिल कुमार झा की पहल पर अस्पताल में जन्माष्टमी को यादगार बनाने के लिए विशेष आयोजन किया गया। जन्माष्टमी की शुभ घड़ी में जन्मे नवजातों को कृष्ण और राधा के नए वस्त्र पहनाए गए। उन्हें उपहार स्वरूप बांसुरी, मोरपंख और मिठाइयां भेंट की गईं। इस विशेष दिन को यादगार बनाने के लिए बच्चों के नाम कृष्ण-कन्हैया और राधा के नाम पर रखे गए।

सामान्य प्रसव से सरोज देवी ने जुड़वा बेटियों को जन्म दिया। एक साथ दो बेटियों के जन्म से परिवार में खुशी बढ़ गई। प्रमुख अधीक्षक के सुझाव पर स्वजन ने बेटियों का नाम रुक्मिणी और सत्यभामा रखा।

सामान्य प्रसव से ही आस्था के घर बेटी ने जन्म लिया तो उसका नाम कृष्णा रखा गया। गरिमा त्रिपाठी के घर जन्मे बच्चे का नाम कन्हैया और बिंदू साहनी की बेटी का नाम राधा रखा गया।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर चिड़ियाघर में हिप्पो के तालाब में प्लास्टिक की बोतल फेंकना युवक को पड़ा भारी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

सिजेरियन प्रसव से भी जन्मे कान्हा और राधिका
सिजेरियन प्रसव से बड़गो की रहने वाली वीना धर दूबे के घर बेटे का जन्म हुआ। उसका नाम कान्हा रखा गया। प्राची विश्वकर्मा की बेटी राधिका, मोहद्दीपुर की सोनिया के बेटे कन्हैया और बांसगांव के बढ़नी की सुधा की बेटी का नाम सत्यभामा रखा गया।

गहिरा चौबे टोला की शाहिदा ने भी सिजेरियन प्रसव से बेटी को जन्म दिया। प्रमुख अधीक्षक ने नवजात को नववस्त्र और मिठाइयां भेंट कीं। परिवार ने प्यार से उसका नाम रुक्मिण रखा। जन्माष्टमी की देर रात तक अस्पताल कर्मचारी भी जन्मोत्सव मनाते रहे।

यह भी पढ़ें- भारतीय रेलवे में बंपर भर्ती: गार्ड, क्लर्क, टाइपिस्ट समेत हजारों पदों पर तैयारी शुरू