गोरखपुर के जिला अस्पताल में स्ट्रेचर नहीं मिला तो मरीज को पीठ पर लादकर ले गया तीमारदार, वीडियो वायरल
गोरखपुर जिला अस्पताल में स्ट्रेचर न मिलने पर एक मरीज को तीमारदार पीठ पर लादकर एक्सरे कक्ष तक ले गया, ...और पढ़ें

इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित। फोटो- वीडियो ग्रैब
HighLights
रोगी को पीठ पर लादकर एक्सरे कक्ष ले जाया गया।
जिला अस्पताल, गोरखपुर में स्ट्रेचर की कमी उजागर हुई।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। जिला अस्पताल में स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की व्यवस्था होने के दावों के बीच शुक्रवार को एक रोगी को तीमारदार पीठ पर लादकर एक्सरे कक्ष तक ले गया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद अस्पताल की व्यवस्था सवालों में घिर गई है।
शुक्रवार को ओपीडी के हड्डी रोग विभाग में उपचार कराने पहुंचे रोगी को चिकित्सक ने एक्सरे कराने की सलाह दी। एक्सरे कक्ष ओपीडी से करीब 300 मीटर दूर है। रोगी की हालत ऐसी थी कि वह स्वयं चलकर एक्सरे कक्ष तक नहीं जा सकता था। रोगी को पीठ पर लादकर तीमारदार एक्सरे कक्ष तक ले गया।
अस्पताल परिसर में मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। इसकी चर्चा रही तीमारदार ने स्ट्रेचर या व्हीलचेयर की तलाश की, लेकिन काफी देर तक सुविधा नहीं मिल सकी।
इस संबंध में जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. बीके सुमन ने बताया कि ओपीडी के सामने प्लास्टर कक्ष में स्ट्रेचर और व्हीलचेयर उपलब्ध रहते हैं। रोगियों की मांग पर कर्मचारी इन्हें उपलब्ध कराते हैं।
कई बार लोग जल्दबाजी में इसकी मांग नहीं करते और स्वयं ही रोगी को ले जाने लगते हैं। उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो के मामले की जांच कराई जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
