गोरखपुर के गुलरिहा में बनेगा हाईटेक पार्क, लोगों को मिलेंगी कई अत्याधुनिक सुविधाएं
गोरखपुर के वार्ड 30 गुलरिहा में ट्यूबवेल परिसर को अत्याधुनिक पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
गुलरिहा ट्यूबवेल परिसर को पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा।
नगर आयुक्त ने सफाई व्यवस्था सुधारने और कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
वार्ड में 8 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन भी बिछाई गई है।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। वार्ड संख्या 30 गुलरिहा में ट्यूबवेल परिसर को पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। शनिवार सुबह नगर आयुक्त अजय जैन ने वार्ड का स्थलीय निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को इस संबंध में कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने वार्ड की सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, नाला सफाई, सड़क-नाली निर्माण और जलकल विभाग के कार्यों की स्थिति देखी।
नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान वार्ड में स्थापित दो ट्यूबवेल के परिसर का भी जायजा लिया गया। यहां जगह-जगह घास उगी होने और सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर सहायक अभियंता राकेश को परिसर की बेहतर साफ-सफाई कराकर व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।
आठ किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई
साथ ही अवर अभियंता विवेकानंद को नगर निगम के संपत्ति विभाग के साथ ट्यूबवेल परिसर की पैमाइश कराने और इसे पार्क के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जलकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वार्ड में दो ट्यूबवेल स्थापित किए जा चुके हैं तथा करीब आठ किलोमीटर लंबी पाइपलाइन भी बिछाई गई है।
नगर आयुक्त ने मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत जंगल गुलहरिया और करमहा में सीसी सड़क एवं आरसीसी नाली निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। इसके अलावा बजरंगपुरम कालोनी में सीवरेज एवं जलनिकासी योजना के तहत सीसी सड़क और आरसीसी नाली निर्माण की प्रगति भी देखी गई।
नगर आयुक्त ने अवर अभियंता विवेकानंद को सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पार्षद प्रतिनिधि यूसुफ, सहायक नगर आयुक्त एवं जोनल अधिकारी सुरेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
