विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में गल्ला कारोबार के नाम पर 20 लाख की ठगी, फल विक्रेता ने गहने गिरवी रख जुटाए थे पैसे

Published: Sun, 27 Sep 2026 02:54 PM (IST)

गोरखपुर के सहजनवा में एक फल विक्रेता से गल्ला कारोबार में निवेश के नाम पर 20.23 लाख रुपये की धोखाधड़ी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. फल विक्रेता से गल्ला कारोबार में 20.23 लाख की ठगी।

  2. पीड़ित ने जमीन बेचकर, गहने गिरवी रखकर पैसे जुटाए थे।

  3. आरोपी विजय कुमार के खिलाफ सहजनवा में केस दर्ज।

जागरण संवाददाता, सहजनवा, गोरखपुर। फल विक्रेता से गल्ला कारोबार में निवेश के नाम पर 20.23 लाख रुपये लेने और रकम वापस न करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर सहजनवा पुलिस ने विजय कुमार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

नगर पंचायत केशोपुर निवासी रमेश कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बाजार में फुटपाथ पर फल की दुकान लगाते हैं। फरवरी 2025 में एक व्यक्ति उनकी दुकान पर आया और गल्ला कारोबार में साथ काम करने का प्रस्ताव दिया। अच्छी आमदनी का भरोसा देकर उसने निवेश के लिए तैयार कर लिया। भरोसे में फरवरी से सितंबर 2025 के बीच अलग-अलग किस्तों में यूपीआइ के माध्यम से कुल 20 लाख 23 हजार 751 रुपये दिए गए।

रकम जुटाने के लिए उन्होंने जमीन बेचने के साथ ही रिश्तेदारों और परिचितों से कर्ज लिया तथा गहने भी गिरवी रखे। रकम लेने के बाद आरोपित कारोबार शुरू होने की बात कहकर लगातार हिसाब देने से बचता रहा।

इसी बीच उनके भाई की मृत्यु हो गई। परिवार में रुपये की जरूरत पड़ने पर उन्होंने आरोपित से अपनी रकम वापस मांगी। आरोपित विजय कुमार जल्द भुगतान करने का आश्वासन देता रहा, लेकिन रुपये वापस नहीं किए। बाद में मोबाइल फोन बंद कर वह लापता हो गया।

थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि रमेश की तहरीर पर विजय कुमार के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच चल रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई होगी।