विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Gorakhpur: सूबा बाजार में 4.70 करोड़ से बनेगा पहला कल्याण मंडपम, CM योगी ने जरूरतमंदों के लिए की है खास पहल

By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
Published: Fri, 28 Jul 2023 04:06 PM (IST)

सीएम योगी की पहल पर गोरखपुर में कल्याण मंडपम बनाने को लेकर तेजी से तैयारी चल रही है। शहर में ...और पढ़ें

ऐसा होगा कल्याण मंडपम। -सौ. : नगर निगम
ऐसा होगा कल्याण मंडपम। -सौ. : नगर निगम

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। जिले के खोराबार के सूबा बाजार में जिले का पहला कल्याण मंडपम बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद नगर विकास विभाग ने कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडीएस) को कार्यदायी संस्था बनाते हुए 4.70 करोड़ रुपये दे दिए हैं। 0.359 हेक्टेयर क्षेत्रफल में भव्य कल्याण मंडपम के निर्माण के लिए सीएंडडीएस ने टेंडर जारी कर दिया है।

नगर निगम ने पांच अन्य स्थानों पर मंडपम बनाने के लिए जगह देख ली है। इसके साथ ही कैंपियरगंज नगर पंचायत क्षेत्र में भी 3.25 करोड़ रुपये की लागत से मंडपम का निर्माण होगा। पहले चिह्नित जमीन उपयुक्त न होने के कारण यहां जमीन की तलाश चल रही है। शादी-विवाह व अन्य आयोजनों के लिए महानगर में जगह की दिक्कत हो रही है। बड़े मैरिज हाल और लान में ज्यादा रुपये खर्च होने के कारण जरूरतमंदों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल से कल्याण मंडपम का प्रस्ताव बनाने को कहा था। यहां न सिर्फ शादी-विवाह वरन अन्य बड़े आयोजन भी आसानी से हो सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा था कि महानगर में जगह की कमी के कारण लोगों को सड़क पर टेंट लगाकर मांगलिक आयोजन करने पड़ते हैं। इससे दिक्कत होती है। इसके बाद नगर आयुक्त ने सूबा बाजार में जमीन तय की।

क्या कहते हैं अधिकारी

नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जरूरतमंदों के लिए बड़ी पहल की है। सीएंडडीएस ने सूबा बाजार में कल्याण मंडपम के लिए टेंडर जारी कर दिया है। नगर निगम ने पांच स्थानों पर जमीन देख ली है। जल्द ही प्रक्रिया पूरी कर टेंडर जारी किया जाएगा। पांच से 10 हजार शुल्क रखने पर विचार किया जा रहा है।

यह होगा कल्याण मंडपम में

मंडपम में हाल, कमरे, गेस्ट रूम, पार्किंग, 250 से 300 लोगों के बैठने क्षमता के लान की व्यवस्था की जाएगी।

यहां नगर निगम कराएगा निर्माण

मिर्जापुर, बशारतपुर, जंगल तुलसीराम, फत्तेपुर आदि जगहों पर 1500 वर्गमीटर से 2000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में इसका निर्माण किया जाएगा।