विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'भारत सरकार' लिखी कार में आए युवकों ने भरवाया 2000 का डीजल, बिना पैसे दिए हुए फरार; तलाश में जुटी गोरखपुर पुलिस

Published: Mon, 12 Oct 2026 08:15 PM (IST)

गोरखपुर के शाहपुर में एक पेट्रोल पंप पर 'भारत सरकार' लिखी स्विफ्ट डिजायर कार सवार युवकों ने 2000 रुपये का डीजल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार हो गए।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. गोरखपुर में 'भारत सरकार' लिखी कार से डीजल चोरी।

  2. 2000 रुपये का डीजल भरवाकर बिना भुगतान फरार हुए।

  3. सीसीटीवी फुटेज से पहचान, पुलिस कर रही तलाश।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शाहपुर क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार होने का मामला सामने आया है। सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार सवार युवक दो हजार रुपये का डीजल भरवाने के बाद तेजी से भाग निकले। कार के आगे ड्राइवर सीट के पास ‘भारत सरकार’ लिखा हुआ था।

घटना आठ अक्टूबर की शाम 6:08 बजे की है। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।

एजी फ्यूल पंप के मैनेजर राजेश श्रीवास्तव ने शाहपुर थाने में दी तहरीर में बताया कि गुरुवार शाम सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (यूपी 53 ईवी 0936) से कुछ युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों से दो हजार रुपये का डीजल भरने को कहा।

डीजल भरने के बाद जब भुगतान करने की बारी आई तो युवक कार लेकर तेजी से फरार हो गए। कर्मचारियों ने उन्हें पकड़ने के लिए पीछा भी किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। घटना के बाद पंप प्रबंधन ने सीसी कैमरे के फुटेज के आधार पर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

मैनेजर के मुताबिक, युवकों की गतिविधियों से उनके नशे में होने का अंदेशा हुआ, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। थानाध्यक्ष अंजय कुमार सिंह ने बताया कि सीसी कैमरे के फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर ली गई है। पुलिस टीम उनकी तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी ने जल्द गिरफ्तारी किए जाने की बात कही है।

ृ