विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अलग होने के डर से जान देने के लिए छत से कूदे प्रेमी युगल, दोनों की हालत गंभीर

Published: Tue, 27 Jan 2026 05:48 PM (IST)

गोरखपुर में एक प्रेमी युगल ने अलग होने के डर से छत से छलांग लगा दी। युवती का परिवार उसकी ...और पढ़ें

अलग होने के डर से जान देने के लिए छत से कूदे प्रेमी युगल।

अलग होने के डर से जान देने के लिए छत से कूदे प्रेमी युगल।

HighLights

  1. प्रेमी युगल ने अलग होने के डर से छत से छलांग लगाई।

  2. युवती की शादी परिवार ने दूसरी जगह तय कर दी थी।

  3. दोनों गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल में भर्ती।

संवाद सूत्र, उनवल। युवती अपने प्रेमी से शादी करना चाहती है, लेकिन परिवार को प्रेम संबंध की जानकारी हुई तो उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी गई। सोमवार की रात जब दोनों मिले तो साथ न रह पाने की आशंका में दोनों ने जान देने का फैसला कर लिया। इसके बाद प्रेमी युगल ने छत से छलांग लगा दी, परिवार के लोगाें ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

खजनी क्षेत्र की रहने वाली युवती  का संतकबीरनगर जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले 22 वर्षीय युवक विशाल से प्रेम संबंध है। विशाल की युवती के गांव के पड़ोस में रिश्तेदारी थी, इसी कारण उसका गांव में आना-जाना बना रहता था।

इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। बताया गया कि जब इस रिश्ते की जानकारी युवती के परिजनों को हुई तो उन्होंने उसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया और युवती की शादी दूसरी जगह तय कर दी। जून माह में युवती की शादी होनी है।

इस फैसले के बाद प्रेमी युगल तनाव में थे। सोमवार की रात युवती के पड़ोस में ब्रह्मभोज था जिसमें शामिल होने विशाल भी आया था। इसी दौरान उसे प्रेमिका से मिलने का मौका मिला। युवक उसके घर की छत पर पहुंचा, जहां दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई।

शादी तय होने, अलग हो जाने और भविष्य को लेकर चर्चा के दौरान दोनों भावुक हो गए और जान देने का फैसला कर लिया। इसके बाद दोनों ने छत से छलांग लगा दी। गिरने से दोनों की कमर में गंभीर चोट आई।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल एंबुलेंस की मदद से दोनों को गोरखपुर जिला अस्पताल भेजा गया।जिला अस्पताल के डाक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

महुआडाबर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि छत से कूदने की घटना की सूचना मिली है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।