Gorakhpur Coronavirus Updates: महराजगंज में कोरोना से दो की मौत, 21 मिले संक्रमित
गोरखपुर-बस्ती मंडल में कोरोना से हुई मौत संक्रमित लोगों की संख्या एवं अन्य के बारे में जानकारी के लिए पढ़ते जागरण डाट काम की खबरें। कोरोना वायरस की खबरों से अपडेट रहने के लिए कृपया बने रहें हमारे साथ...
गोरखपुर, जेएनएन। महराजगंज जिले में कोरोना मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी के साथ अब मौत का भी ग्राफ बढ़ रहा है। सोमवार को खोरिया बाजार व करौता उर्फ नेबुइयां के दो मरीजों की कोरोना से मौत हो गई। जबकि 21 नए पाजिटिव मरीज मिले हैं। इस प्रकार कोरोना मरीजों की संख्या 5218 हो गई है। इसमें 76 की मौत हो चुकी है। सोमवार को कुल 1806 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। अबतक जिले में 4359 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में सक्रिय मामलों की संख्या 783 है।
कुशीनगर में कोरोना के 12 नए केस
कुशीनगर में जांच के दायरा बढऩे के साथ ग्रामीण इलाकों में पॉजिटिव मामले अधिक मिल रहे हैं। सोमवार को 1619 नमूनों की जांच रिपोर्ट मिली, इसमें 1607 निगेटिव व 12 नए पॉजिटिव हैं। संक्रमितों में कसया के चार, पडरौना, रामकोला, तमकुही के दो-दो, हाटा के एक व अन्य क्षेत्र के एक व्यक्ति शामिल हैं। संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 4901 हो गई है तो 4633 लोग डिस्चार्ज किए गए हैं। अब तक मरने वालों की संख्या 47 है।
देवरिया में कोरोना के 11 मरीज मिले
देवरिया में बीआरडी मेडिकल कालेज से रविवार को आई कोरोना जांच रिपोर्ट में 11 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव व 1701 की रिपोर्ट निगेटिव रही। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 5771 हो गई है। सोमवार को 17 लोग स्वस्थ होकर घर गए। इसके साथ ही स्वस्थ होने वालों की संख्या 5419 हो गई है। सक्रिय केस की संख्या 278 है।
बस्ती में कोरोना से एक की मौत, 29 पॉजिटिव मिले
बस्ती जिले में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को 2582 लोगों की जारी हुई रिपोर्ट में 2553 निगेटिव जबकि जिला कारागार में निरूद्ध दो बंदी समेत 29 पॉजिटिव पाए गए। इसी के साथ जिले में संक्रमितों की संख्या कुल बढ़कर 3773 हो गई है। अब तक 3265 लोग स्वस्थ हुए हो चुके हैं। कोरोना संक्रमित एक मरीज की मौत हो गई। इसी के साथ मरने वालों की संख्या 74 पहुंच गई है।
सिद्धार्थनगर में दो पुलिसकर्मी समेत 17 मिले संक्रमित
सिद्धार्थनगर में सोमवार को लखनऊ मेडिकल कालेज से 1242 लोगों की रिपोर्ट आई। 1225 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। दो पुलिसकर्मी समेत 17 लोग कोरोना पाजिटिव मिले हैं। 42 लोग स्वस्थ होकर घर पहुंचे। पाजिटिव की संख्या 3245 तक पहुंच गई है। कुल 2911 ठीक होकर घर जा चुके हैं। 33 की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस 301 है।
संतकबीर नगर में कोरोना के 14 नये केस
संत कबीरनगर में सोमवार को 1,639 नमूनों की रिपोर्ट आई है। इसमें 1,625 निगेटिव और 14 नये कोरोना पाजिटिव मरीज शामिल हैं। जबकि इससे अधिक यानी 20 पाजिटिव मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। अब तक 117 196 नमूनों की जांच हो चुकी है। अब तक 40 लोगों की कोरोना से मौत हो गई। वहीं 2490 पाजिटिव मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 131 पाजिटिव मरीजों का उपचार चल रहा है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मोहन झा ने यह जानकारी दी है।