गोरखपुर में कार बनी आग का गोला, ड्राइवर ने चलती गाड़ी से कूदकर बचाई जान
गोरखपुर के मोगलहा में मेडिकल कॉलेज रोड पर शुक्रवार सुबह चलती कार में शार्ट सर्किट से आग लग गई। चालक ...और पढ़ें

चालक विवेक ने कूदकर अपनी जान बचाई।
HighLights
गोरखपुर में चलती कार में लगी आग
शार्ट सर्किट के कारण हुआ यह हादसा
चालक ने कूदकर बचाई अपनी जान
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मेडिकल कॉलेज रोड पर मोगलहा में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे चलती कार में शार्ट सर्किट से आग लग गई। महिंद्रा शोरूम के सामने कार के इंजन से धुआं निकलते ही चालक विवेक ने गाड़ी रोक दी और बाहर कूदकर जान बचाई।
कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर फायर ब्रिगेड और गुलरिहा थाना पुलिस की टीम पहुंची, लेकिन तब तक कार जलकर खाक हो चुकी थी। लखनऊ नंबर की कार की मालिक सौम्या परिहार ने कुछ दिन से आ रही खराबी की शिकायत कंपनी के कस्टमर केयर से की थी। शुक्रवार सुबह कंपनी के शोरूम का चालक विवेक गुलरिहा स्थित सर्विस सेंटर पर कार ले जा रहा था।
मोगलहा में महिंद्रा शोरूम के सामने पहुंचते ही इंजन से तेज धुआं निकलने लगा। खतरा भांपकर चालक ने कार रोक दी और बाहर निकल गया। इसके बाद देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को घेर लिया। कार में आग लगने की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
फायर ब्रिगेड की टीम और गुलरिहा पुलिस भी पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। थाना प्रभारी जेपी पाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आयी है। मामले की जांच की जा रही है।
