गोरखपुर में बर्थडे पार्टी के दौरान आपस में भिड़े एम्स के छात्र, पुलिसकर्मियों से भी की हाथापाई
गोरखपुर में एक होटल में जन्मदिन की पार्टी के बाद एम्स के छात्रों ने सड़क पर हंगामा किया और आपस में मारपीट की।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
जन्मदिन पार्टी के बाद एम्स छात्रों ने सड़क पर हंगामा किया।
आपस में मारपीट कर रहे छात्रों ने पुलिसकर्मियों से भी हाथापाई की।
आठ छात्रों को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान किया गया।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। होटल में जन्मदिन की पार्टी के बाद एम्स के मेडिकल छात्रों ने शनिवार की देर रात सड़क पर हंगामा कर दिया। रात करीब डेढ़ बजे आपस में मारपीट कर रहे छात्रों को रोकने पहुंचे कैंट थाने के दो सिपाहियों से भी हाथापाई हो गई। मामला बढ़ने पर सिपाहियों ने पैडलेगंज पुलिस चौकी को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों की मदद से हंगामा कर रहे आठ छात्रों को हिरासत में लिया और कैंट थाने ले गए। रविवार सुबह पुलिस ने सभी आठ छात्रों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट से सभी को जमानत मिल गई।
पुलिस के अनुसार एम्स के करीब 12 एमबीबीएस छात्र शनिवार रात सागर श्री होटल में जन्मदिन की पार्टी करने पहुंचे थे। पार्टी खत्म होने के बाद कुछ छात्र सड़क पर आ गए और आपस में विवाद करने लगे। देखते ही देखते उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। रात करीब डेढ़ बजे कैंट थाने के दो सिपाही उधर से गुजर रहे थे। छात्रों को आपस में मारपीट करते देख दोनों ने बीच-बचाव का प्रयास किया।
आरोप है कि सिपाही सादे कपड़े में थे,बाहरी समझकर छात्रों ने उनसे भी हाथापाई कर ली। मामला बढ़ने पर सिपाहियों ने पैडलेगंज पुलिस चौकी को सूचना दी। वहां से हाक दस्ते के दो सिपाही मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे आठ छात्रों को हिरासत में लेकर कैंट थाने पहुंचाया। पूछताछ में छात्रों के बीच विवाद की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई।
पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी एम्स प्रशासन को भी दी। पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गए सभी छात्र वर्ष 2021 और 2022 बैच के एमबीबीएस के छात्र हैं। पार्टी में करीब 12 छात्र शामिल हुए थे।
सीओ कैंट कीर्ति निधि आनंद ने बताया कि होटल में पार्टी के बाद हंगामा कर छात्रों को देख रास्ते से गुजर रहे सिपाही समझाने गए तो उनसे भी भिड़ गए। आठ को थाने लाया गया था। पूछताछ के बाद शांतिभंग की आशंका में आठ छात्रों का चालान किया गया है।
छात्रों के बीच मारपीट की सूचना मिली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्र शाम के समय परिसर से बाहर गए थे। रात तक उनके वापस न लौटने के संबंध में तथ्य जुटाए जा रहे हैं। मामले की जानकारी डीन स्टूडेंट वेलफेयर डा. शिखा सेठ को दे दी गई है। जांच के बाद संबंधित छात्रों को नोटिस जारी कर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. विभा दत्ता, कार्यकारी निदेशक- एम्स।
