विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर एम्स के MBBS छात्रों को बड़ी राहत, अब पास होने के मिलेंगे पांच अवसर

Published: Sun, 10 May 2026 08:36 AM (IST)

गोरखपुर एम्स में एमबीबीएस छात्रों को परीक्षा पास करने के लिए अब चार की जगह पांच अवसर मिलेंगे। यह निर्णय ...और पढ़ें

असफल विद्यार्थियों के लिए स्टैडिंग कमेटी ने लिया निर्णय

असफल विद्यार्थियों के लिए स्टैडिंग कमेटी ने लिया निर्णय

HighLights

  1. एमबीबीएस छात्रों को अब पांच परीक्षा अवसर मिलेंगे।

  2. यह अतिरिक्त अवसर दया के आधार पर दिया गया है।

  3. नियम वर्तमान शैक्षणिक सत्र से लागू हो गए हैं।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स ) में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे छात्रों को बड़ी राहत मिली है। अब परीक्षा में असफल होने वाले विद्यार्थियों को पास होने के लिए चार के स्थान पर पांच अवसर दिए जाएंगे। एम्स की स्टैंडिंग कमेटी (स्थायी समिति) ने दया के आधार पर एक अतिरिक्त अवसर देने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था वर्तमान शैक्षणिक सत्र से प्रभावी कर दी गई है।

एम्स में एमबीबीएस पाठ्यक्रम की पढ़ाई और परीक्षाएं अत्यंत कठिन मानी जाती हैं। प्रत्येक वर्ष कुछ विद्यार्थी विभिन्न कारणों से परीक्षा में सफल नहीं हो पाते। वर्तमान नियमों के अनुसार असफल छात्रों को परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए चार अवसर दिए जाते हैं। इसके बाद भी सफल न होने पर उन्हें आगे की पढ़ाई जारी रखने की अनुमति नहीं मिलती थी, जिससे विद्यार्थियों का भविष्य संकट में पड़ जाता था।

इसी समस्या को देखते हुए एम्स प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए एक अतिरिक्त अवसर देने का निर्णय लिया है। कुछ दिन पूर्व आयोजित स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी। अब विद्यार्थी को दया याचिका के आधार पर एक बार और परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति दी जाएगी। इससे उन छात्रों को विशेष राहत मिलेगी जो किसी कारणवश लगातार सफलता प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- पेट के बाहर आंत लेकर जन्मे नवजात को एम्स में मिला नया जीवन, सर्जरी से बची जान

कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) डा. विभा दत्ता ने ने बताया कि एम्स के नियमों के अनुसार अब तक असफल छात्रों को केवल चार अवसर ही मिलते थे। विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए दया के आधार पर एक अतिरिक्त अवसर देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पांचवें अवसर के बाद भी यदि छात्र सफल नहीं होते हैं तो उन्हें आगे कोई मौका नहीं दिया जाएगा।