अवैध निर्माण पर जीडीए की बड़ी कार्रवाई, अस्पताल समेत तीन व्यावसायिक कांप्लेक्स सील- कई स्थानों पर चला बुलडोजर
Illegal Construction in Gorakhpur गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने गोरखपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जीडीए की टीम ने अवैध रूप से बने एक अस्पताल और तीन व्यावसायिक कांप्लेक्स को सील कर दिया है। कई जगहों पर अवैध निर्माण को ध्वस्त भी कर दिया है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की प्रवर्तन टीम ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जीडीए की टीम ने अवैध रूप से बने अस्पताल सहित तीन व्यावसायिक कांप्लेक्स को सील कर दिया। दो स्थानों पर मानचित्र के विपरीत निर्माण किया जा रहा था तो एक व्यावसायिक कांप्लेक्स बिना मानचित्र स्वीकृत कराए ही बनाया जा रहा था। सील करने पहुंची जीडीए की टीम को विरोध भी झेलना पड़ा लेकिन साथ मौजूद अपर नगर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस के जवानों ने लोगों को शांत करा दिया।
मानचित्र के विपरीत या बिना मानचित्र पास कराए किया जा रहा था निर्माण कार्य
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेमरंजन सिंह के निर्देश पर सहायक अभियंता कुंज विहारी के नेतृत्व में अवर अभियंता सत्यप्रकाश चौधरी, मनीष त्रिपाठी व पद्माकर मिश्रा कार्रवाई करने पहुंचे। कालेपुर में डा. अश्विनी अग्रवाल द्वारा 370 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किए गए व्यावसायिक निर्माण को सील किया गया। डा. अग्रवाल ने आवासीय मानचित्र पास कराया है और अस्पताल का संचालन कर रहे हैं। भवन के प्रथम तल पर अस्पताल संचालित पाया गया। स्टाफ मौजूद थे और मरीज भर्ती भी किए गए थे इसलिए भूतल को सील नहीं किया गया।
बिना मानचित्र पास कराए बनवा रहे थे कांप्लेक्स
प्रथम तल पर निर्माण चल रहा था, जिसे जीडीए की टीम ने सील कर दिया। डाक्टर को जल्द ही मरीज शिफ्ट करने को कहा जाएगा। अस्पताल सील करने के बाद टीम ने दाउदपुर में विजय यादव एवं अन्य द्वारा बनवाए जा रहे 270 वर्ग मीटर में बनवाए जा रहे व्यावसायिक कांप्लेक्स के निर्माण को भी सील कर दिया। यह निर्माण मानचित्र के विपरीत कराया जा रहा था। दाउदपुर में ही टीम को नाले के पास बिना मानचित्र के व्यावसायिक कांप्लेक्स बनाने की शिकायत मिली थी। 105 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में निर्मित कराए जा रहे इस निर्माण को जीडीए की टीम ने सील कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि किसी भी दशा में अवैध निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
ध्वस्त की गई सड़क निर्माण में बाधक चहारदिवारी
जीडीए की टीम ने गुरुवार को मानबेला में सड़क निर्माण में बाधक बनी चहारदिवारी को ध्वस्त कर दिया। जीडीए द्वारा राप्तीनगर विस्तार योजना के अंतर्गत 30 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इसके रास्ते में पड़ने वाले कुछ और अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। जीडीए के अधिशासी अभियंता मुकेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि मानबेला ग्राम के अराजी संख्या 695 में अर्जित भूमि पर निर्मित चहारदिवारी इसमें बाधक बन रही थी, जिसे ध्वस्त कर दिया गया।