डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए रवाना हुई गाडि़यां, सफाई में गोरखपुर बनेगा एक नंबर Gorakhpur News
नगर निगम प्रशासन ने डोर टू डोर कलेक्शन में गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग रखने के लिए वाहन मंगाया गया है। इन गाडिय़ों को रवाना झंडी दिखाकर रवाना कर दिया गया।
गोरखपुर, जेएनएन। शहर के 20 वार्डों में कूड़ा कलेक्शन के लिए नई मैजिक गाडिय़ां आ गई हैं। गणतंत्र दिवस पर रविवार को नगर निगम परिसर से महापौर सीताराम जायसवाल और नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह इन गाडिय़ों को रवाना झंडी दिखाकर रवाना कर दिया। इन मैजिक गाडिय़ों में गीला और सूखा कूड़ा के लिए अलग-अलग कंपार्टमेंट बना है। साथ ही डंपिंग पोस्ट से कूड़ा ले जाने के लिए पांच हाइवा गाडिय़ां भी रवाना की जाएंगी।
सफाई के लिए किए जा रहे उपाय
महापौर ने कहा कि सफाई और स्वच्छता के लिए लगातार उपाय किए जा रहे हैं। अब जबकि गाडि़यां आ गई हैं इससे शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर होगी। आने वाले समय में सफाई व्यवस्था में गोरखपुर एक नंबर रहेगा।
गीला और सूखा कूड़ा रखने की व्यवस्था
नगर निगम प्रशासन ने डोर टू डोर कलेक्शन में गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग रखने के लिए वाहन मंगाया गया है। शनिवार को अपने-अपने वार्ड में कूड़ा गाडिय़ां दिलवाने के लिए कई पार्षद भी दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति आवास के सामने स्थित नगर निगम के स्टोर पहुंचे।
तेल चोरी के आरोपी का भी आया आवेदन
नगर निगम के स्टोर में एक बार फिर अचानक गहमागहमी मच गई। कुछ कर्मचारियों ने एक युवक को पकड़ लिया। युवक के हाथ में सत्यवान नाम से आवेदन था। कर्मचारियों का कहना था कि सत्यवान को कुछ समय पहले तत्कालीन ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आकांक्षा राणा ने नगर निगम में तेल चोरी के आरोप में पकड़ा था। इसके बाद उसे निकाल दिया गया था। ऐसे में सत्यवान को दोबारा कैसे रखा जा सकता है। पता चला कि सत्यवान ने युवक को अपना आवेदन देकर भेजा था। पार्षदों के हस्तक्षेप के बाद युवक को बाहर किया गया।
अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सत्यवान के नाम के कर्मचारी का आवेदन आने की जानकारी मिली है। उसे तेल चोरी के आरोप में हटाया गया था। भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों के लिए नगर निगम में कोई जगह नहीं है।
शहर की सफाई व्यवस्था होगी मजबूत
इस संबंध में अपर नगर आयुक्त अनिल सिंह का कहना है कि महापौर और नगर आयुक्त गणतंत्र दिवस पर 25 कूड़ा गाडिय़ों को रवाना करेंगे। इससे शहर की सफाई व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।
तो नगर निगम कार्यालय में फेंकेंगे कूड़ा
प्रदेश के पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री डॉ. केसी पांडेय ने महानगर के वार्ड संख्या 70 के शास्त्री नगर कॉलोनी में सफाई न होने पर आक्रोश व्यक्त किया। कहा कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो नगर निगम कार्यालय में कूड़ा फेंका जाएगा। पूर्व राज्यमंत्री ने नगर आयुक्त को फोन कर यह चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि एक ओर तो गोरखपुर को स्वच्छता अभियान में प्रथम स्थान दिलाने की बात कही जा रही है तो दूसरी ओर अधिकारी अभियान में पलीता लगा रहे हैं। उन्होंने शास्त्रीनगर कॉलोनी में लगाए गए सफाईकर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की किए जाने की नगर आयुक्त से मांग की है।