बिग मार्ट की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी, 14 लोगों पर मुकदमा Gorakhpur news
आजादनगर मोहल्ला में वाणिज्यिक भूमि है। इस पर शोरूम खोलने के लिए आनलाइन आवेदन किया था। इसके बाद आरोपितों ने संपर्क किया। कंपनी के नियमों का हवाला देते हुए जालाजों ने अनुबंध राशि जमा करने के लिए कहा।
गोरखपुर, जेएनएन। सिद्धार्थनगर जनपद के सदर थाना पुलिस ने गुरुवार को 14 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। हरियाणा के गुड़गांव व राजस्थान के जोधपुर निवासी उक्त 14 लोगों ने गिरोह बनाया हुआ है। गिरोह के सदस्य लोगों को बिग मार्ट चेन की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर ठगने का काम करते हैं। आरोपितों का नाम गुड़गांव के थाना सेक्टर 18 निवासी शरद चंद्र मिश्रा, नेहा चौहान, अजय शर्मा, विजय शेखावत, संदीप शर्मा, अभिनव शर्मा, गिरीष कुमार, आकाश, गिरजेश गांधी, संजय, सत्यपथी, राहुल और जोधपुर के थाना ग्रामीण क्षेत्र निवासी रिछपाल सिंह हैं।
लोटन कोतवाली के धरमौली गांव निवासी सतीश नाथ शुक्ला ने आरोप लगाया है कि बिग मार्ट का शोरूम खोलने के नाम पर आरोपितों ने धोखाधड़ी की है। मुख्यालय के आजादनगर मोहल्ला में वाणिज्यिक भूमि है। इस पर शोरूम खोलने के लिए आनलाइन आवेदन किया था। इसके बाद आरोपितों ने संपर्क किया। कंपनी के नियमों का हवाला देते हुए अनुबंध राशि जमा करने के लिए कहा गया। रकम का स्थानांतरण बैंक के माध्यम से किया गया है। काम में देरी होने के बाद जब रकम वापस मांगी गई तो गिरोह के सदस्यों ने जान से मारने की धमकी दी।
कई अन्य जिलों में धोखाधड़ी की सूचना
थानाध्यक्ष राजेंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज किया गया है। कई अन्य जनपदों में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने की जानकारी मिल रही है। आरोपितों के गिरोह बनाकर धोखाधड़ी करने की सूचना मिली है। पुलिस जल्द कार्रवाई करेगी।