Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रामगढ़ ताल में चलने वाले फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की डिजाइन तैयार, क्रूज के लिए दिया गया आर्डर

    By Pradeep SrivastavaEdited By:
    Updated: Thu, 14 Jul 2022 08:25 AM (IST)

    Ramgarh Tal Gorakhpur रामगढ़ ताल में चलने वाले फ्लोटिंग रेस्टोरेंट और क्रूज चलाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की डिजाइन तैयार कर लिया गया है और क्रूज के लिए आर्डर दे दिया गया गया है। तीन माह के भीतर यहां क्रूज चलना शुरू हो जाएगा।

    Hero Image
    रामगढ़ताल में चलने वाले फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की डिजाइन। - जागरण

    गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर के रामगढ़ताल में संचालन के लिए लग्जरी क्रूज का आर्डर दे दिया गया है। अगले तीन महीने में क्रूज का संचालन शुरू हो सकता है। इसी तरह फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के डिजाइन को भी गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा अनुमोदित कर दिया गया है। जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने क्रूज का आर्डर किए जाने का पत्र व फोटो तथा फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की डिजाइन मुख्यमंत्री को दिखाई। दाेनों पर मुख्यमंत्री की सहमति भी मिल गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कोलकाता की कंपनी को मिला है क्रूज चलाने का अधिकार

    रामगढ़ताल में पर्यटकों को सुविधा प्रदान करने के लिए लग्जरी क्रूज एवं फ्लोटिंग रेस्टोरेंट संचालित करने का निर्णय लिया गया था। नीलामी के माध्यम से दोनों सेवाओं के लिए संचालक फर्मों का चयन किया गया है। क्रूज के संचालन का अधिकार पाने वाली फर्म कोलकाता में इस तरह की सेवाएं देती है। उनकी ओर से क्रूज का आर्डर किए जाने के बाद जीडीए ने उन्हें अंतिम अनुमति प्रदान की है।

    क्रूज पर एक साथ सौ लोग कर सकेंगे पार्टी

    इस क्रूज पर एक साथ 100 लोग पार्टी कर सकते हैं। छोटे-छोटे आयोजन भी यहां हो सकेंगे। आर्डर के बाद क्रूज अलग-अलग भागों में यहां लाया जाएगा और उसे जोड़कर संचालन के लिए तैयार किया जाएगा। प्रयास है कि तीन महीने के भीतर इसका संचालन शुरू कर दिया जाए।

    गोरखपुर का होटल करेगा फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का संचालन

    फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का संचालन गोलघर स्थित एक प्रतिष्ठित होटल द्वारा किया जा रहा है। इस फर्म ने दूसरे नंबर की बड़ी बोली लगाई थी लेकिन सर्वाधिक बोली लगाने वाली फर्म को रेस्टोरेंट के संचालन के लिए उपयुक्त नहीं पाया गया और सर्वाधिक बोली पर ही दूसरे नंबर पर रही फर्म को अधिकार दे दिया गया। इस फर्म ने आर्किटेक्ट से डिजाइन तैयार कराकर जीडीए में प्रस्तुत किया। जीडीए की ओर से भी इसे अनुमोदित कर दिया गया। फ्लोटिंग रेस्टोरेंट केवल एक ही संचालित किया जाएगा जबकि ताल में एक से अधिक क्रूज का संचालन किया जा सकेगा।

    लग्जरी क्रूज एवं फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के संचालन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। क्रूज के लिए आर्डर दिया जा चुका है और रेस्टोरेंट कीडिजाइन भी अनुमोदित हो गई है। प्रयास है कि पर्यटकों के लिए इन सुविधाओं को जल्द से जल्द शुरू किया जाए। - प्रेम रंजन सिंह, उपाध्यक्ष जीडीए।