पांच करोड़ से सुधारी जाएगी औद्योगिक क्षेत्रों की तस्वीर, धनराशि का आवंटन शीघ्र Gorakhpur News
व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष बस्ती पहुंचे विकास भवन में की बैठक और पत्रकारों से हुए मुखातिब
गोरखपुर, जेएनएन : पांच करोड़ से बस्ती के औद्योगिक क्षेत्रों की तस्वीर सुधारी जाएगी। इसके लिए प्रस्तावित फाइल को मंजूरी दे दी गई है। जल्द ही धनराशि का आवंटन होने पर व्यवस्था सुधार के लिए कार्य शुरू कर दिया जाएगा। यह बात उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष मनीष कुमार गुप्ता ने कहीं। वह रविवार को बस्ती दौरे पर आए थे। विकास भवन में आयोजित विभागीय बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि व्यापारी बोर्ड ने आबकारी और खनन नीति को सर्वग्राही बनाने का कार्य किया है। 5 जून से एक एडीएम व एक एसडीएम नामित किए गए हैं। जो व्यापारियों और खनन से जुड़े व्यावसायियों की समस्याएं दूर कर रहे हैं। आगे भी कोई समस्या न आए यह भी सुनिश्चित करेंगे। कहा कि आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके इसके लिए सरकार ने विभिन्न योजनाएं बनाई हैं। योजनाओं पर छूट भी है। इसका लाभ व्यापारी, जनता उठा सकते हैं। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में व्यापारियों के लिए बोर्ड या आयोग बनाने की बात कही गई थी, जिसे सरकार ने पूरा किया है। बोर्ड में व्यापारियों की हर समस्याओं का समाधान हो रहा है। उन्होंने जानकारी को विस्तार देते हुए बताया कि व्यापारी बोर्ड में 11 सदस्य हैं, जबकि प्रमुख सचिव तक इसमें स्थायी सदस्य नहीं हैं। बोर्ड के पास 17 विभागों का दायित्व है। 22 फरवरी 2019 को कार्यभार ग्रहण करने के बाद बोर्ड के लिए निरंतर कार्य कर व्यापारियों, आमजन और औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए कार्य किया जा रहा है। व्यापारियों का हित सर्वोच्च प्राथमिकता में है।