पहले मोबाइल से रजिस्ट्रेशन कराएं, तभी मेडिकल कालेज जाएं Gorakhpur News
रजिस्ट्रेशन कराने के बाद जब डॉक्टर बुलाएं तभी जाना होगा। गंभीर मरीज बिना रजिस्ट्रेशन के भी जा सकते हैं।
पहले मोबाइल से रजिस्ट्रेशन कराएं, तभी मेडिकल कालेज जाएं Gorakhpur News
गोरखपुर, जेएनएन। बाबा राघव दास (बीआरडी) मेडिकल कॉलेज रेड जोन घोषित है। बावजूद इसके बड़ी संख्या में सामान्य मरीज पहुंच रहे हैं। जबकि सामान्य ओपीडी बंद है, केवल इमरजेंसी चल रही है। सामान्य मरीजों के लिए टेली मेडसिन की सुविधा है। बढ़ती भीड़ के चलते कॉलेज प्रशासन की मुसीबत बढ़ गई है। शारीरिक दूरी का पालन मुश्किल हो रहा है। ऐसे में कॉलेज प्रशासन ने सख्ती अपनाई है। अब टेली मेडिसिन के जरिये रजिस्ट्रेशन कराए बिना पहुंचे सामान्य मरीजों को नहीं देखा जाएगा।
जब डाक्टर बुलाएं, तभी जाएं
रजिस्ट्रेशन कराने के बाद जब डॉक्टर बुलाएं तभी जाना होगा। गंभीर मरीज बिना रजिस्ट्रेशन के भी जा सकते हैं। आंख, नाक, कान, गला, चर्म, मुंह एवं दंत रोग से संबंधित मरीजों की बढ़ती संख्या को लेकर कालेज प्रशासन चिंतित है। मरीजों के साथ तीमारदार भी पहुंच रहे हैं, इसलिए भीड़ दूना हो जा रही है।
बिना रजिस्ट्रेशन के पहुंच सकते हैं इमरजेंसी मरीज
इमरजेंसी मरीजों को रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं है। गंभीर अवस्था में कभी भी कोई मरीज पहुंच सकता है। इमरजेंसी 24 घंटे चालू है। तत्काल मरीज का इलाज किया जाएगा।
इन नंबरों पर कराएं रजिस्ट्रेशन
मोबाइल नंबर 9451086522, 9451091944, 9451080844, 9451081488 पर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके अलावा बीमारी से संबंधित पर्चा या जांच रिपोर्ट भेजने के लिए वाट्सएप नंबर 9451071865 भी जारी किया गया है।
सामान्य मरीजों के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. गणेश कुमार का कहना है कि सामान्य मरीजों के लिए अब रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया गया है। रजिस्ट्रेशन के बाद जब उन्हें बुलाया जाए तो ही आएं। सामान्य मर्ज की दवा पर्चे पर लिखकर उन्हें वाट्सएप कर दी जाएगी। बिना बुलाए मरीज अस्पताल न आएं।
बाहर से आए सभी लोगों की कराएं जांच
मंडलायुक्त जयंत नर्लिकर ने मंडल के सभी जनपदों के सभी मजरे व टोले में बाहर से आए व्यक्तियों की अनिवार्य रूप से जांच करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि सभी जनपदों के जिलाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यक्ति छूटने न पाए। आयुक्त सभागार में स्वास्थ्य विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कोविड-19 के मरीजों के स्वास्थ्य, इलाज व जांच की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि मंडल में जांच की क्षमता को और बढ़ाने के साथ ही देवरिया में कोरोना की जांच के लिए प्राइवेट लैब को भी प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष से ऊपर के लोगों तथा बीमारियों से ग्रसित कोरोना पॉजिटिव मरीजों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा जाए। प्रत्येक स्क्रीिनिंग सेंटर पर 60 वर्ष से ऊपर के लोगों का पल्स ऑक्सीमीटर से जरूर जांच कराई जाए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों एवं मुख्य चिकित्साधिकारियों को आइसोलेशन वार्ड का नियमित रूप से निरीक्षण करने का निर्देश दिया। कहा कि सभी सीएचसी व पीएचसी पर आइसोलेशन वार्ड की भी व्यवस्था की जाए। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों के साथ खराब व्यवहार करने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाए। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पाण्डियन, अपर निदेशक स्वास्थ्य, प्राचार्य बीआरडी मेडिकल कॉलेज समेत चारों जनपदों के मुख्य चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।