बस्ती में मकान कब्जा करने को लेकर बवाल, हवाई फायरिंग Gorakhpur News
सोमवार को सुबह 8 बजे किशन यादव अपने साथियों संग पूरी तैयारी के साथ मकान पर कब्जा करने पहुंच गए। घर में मौजूद परिवार के सदस्यों को सामान लेकर बाहर निकालने लगे।
गोरखपुर, जेएनएन। बस्ती जिले के लालगंज कस्बे में मकान पर कब्जा करने को लेकर ह़ुए बवाल में मारपीट हुई। कस्बे के लोगों ने घेराबंदी की तो दबंग हवाई फायरिंग कर वाहन छोड़ पैदल ही भाग निकले।
मकान को लेकर चल रहा विवाद
मुख्य बाजार में राज स्वरूप अग्रहरि का घर है। इसको लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। दूसरे पक्ष के किशन यादव का कहना है वह मकान उनका है,वह इसे खरीद चुके हैं। राम स्वरूप का कहना है वह मकान नहीं बेंचे हैं। फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कराकर मकान पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। इसको लेकर थाने पर भी कई बार पंचायत हो चुकी है।
कस्बे के लोगों कब्जा करने आए लोगों को घेरा
सोमवार को सुबह 8 बजे किशन यादव अपने साथियों संग पूरी तैयारी के साथ मकान पर कब्जा करने पहुंच गए। घर में मौजूद परिवार के सदस्यों को सामान लेकर बाहर निकालने लगे। महिलाओं ने विरोध किया तो गोली मारने की धमकी दी। शोरगुल होने पर आसपास केे लोग पहुंच गए। पीड़ित पक्ष के साथ भीड़ हुई तो मकान कब्जा करने गए लोगों में से एक ने गोली चला दी। कस्बे के लोगों ने लाठी डंडा और ईंट पत्थर लेकर घेर लिया। मकसद में असफल होने वाले दूसरे पक्ष के लोग हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले।
घटना के विरोध में दुकानें बंद
सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। यह लालगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित राम स्वरूप परिवार संग लालगंज पुलिस चौकी के सामने धरने पर बैठ गए। घटना के विरोध में कस्बे के व्यापारी दुकानें बंद कर पीड़ित पक्ष के समर्थन में सड़क पर उतर गए हैं।