पूर्व सैनिक चलाएंगे रोडवेज की बस, ट्रायल शुरू Gorakhpur News
पूर्व सैनिक रोडवेज की बस चलाएंगे। निगम के मुख्य प्रधान प्रबंधक (प्राविधिक) जयदीप वर्मा के अनुसार तीन माह के लिए 20 जनरथ बसों के लिए पूर्व सैनिक तैनात किए जाएंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। चालकों और परिचालकों की कमी से जूझ रहा परिवहन निगम अब अपनी बसों को पूर्व सैनिकों के हाथ में देने का फैसला किया है। पूर्व सैनिक रोडवेज की बस चलाएंगे। निगम के मुख्य प्रधान प्रबंधक (प्राविधिक) जयदीप वर्मा के अनुसार तीन माह के लिए 20 जनरथ बसों के लिए पूर्व सैनिक तैनात किए जाएंगे। ट्रायल सफल रहा तो इसे विस्तार दे दिया जाएगा। तैनाती की प्रकिया शुरू हो चुकी है।
मार्च में शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया
क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान यात्री सुविधाओं पर चर्चा करते हुए मुख्य प्रधान प्रबंधक ने बताया कि पांच मार्च से परिचालकों की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। कैंप लगाकर मानदेय चालकों की भर्ती की जा रही है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे गांवों में पहुंचकर चालकों की तैनाती करें। यात्रियों की सुविधा के लिए मील आन एप लांच कर दिया गया है। कोई भी यात्री एप पर अपने मनपसंद का खाना बुक कर सकता है। सुझाव भी दे सकता है। यात्रा के दौरान निर्धारित ढाबे पर गुणवत्तायुक्त व गरमागरम नाश्ता व भोजन मिल जाएगा। गोरखपुर-लखनऊ मार्ग पर दो ढाबे इसके लिए अधिकृत किए गए हैं। गर्मी का मौसम आने से पहले सभी बस स्टेशनों पर एटीएम वाटर मशीन लगा दी जाएंगी। जल्द ही निगम के बेड़े में 550 बसें शामिल की जाएंगी।
निरीक्षण में जताया असंतोष, घट रहे आय पर जताई चिंता
सोनौली व महराजगंज बस डिपो के निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधाओं में बरती जा रही उदासीनता पर उन्होंने असंतोष जताया। गोरखपुर में समीक्षा बैठक के दौरान घट रही आय पर चिंता व्यक्त की। कहा कि लोड फैक्टर कम होने यानी बसें खाली होने पर संबंधित को सेवा से मुक्त कर दिया जाएगा। उन्होंने सुधार के लिए 31 मार्च तक का समय दिया है।
सभी बसों में लगेंगे पैनिक बटन, आनलाइन होगा निरीक्षण
यात्रियों की सुरक्षा के सवाल पर उन्होंने बताया कि सभी नई बसों में पैनिक बटन लगाए जाएंगे। आने वाले दिनों में पुरानी बसों में भी यह व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बसों में गंदगी के सवाल पर उन्होंने कहा कि अब बसों का निरीक्षण भी आनलाइन होगा। इसके लिए भी एप तैयार किया गया है। बसों में गंदगी व अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई हो रही है। डेढ़ माह में सात कर्मचारी निलंबित किए जा चुके हैं।
होली में चलाई जाएंगी 350 अतिरिक्त बसें
होली पर्व पर गोरखपुर परिक्षेत्र से लखनऊ, दिल्ली व लोकल रूटों पर भी कुल 350 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। अतिरिक्त बसों की तैयारी शुरू हो गई है। प्रत्येक चेकपोस्टों पर कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है।