Coronavirus Vaccination: समय पूरा होने के बाद भी 1.33 लाख लोगों ने नहीं लगवाई दूसरी डोज
Coronavirus Vaccination गोरखपुर के 1.33 लाख लोगों ने पहली डोज तो ले ली है लेकिन समय पूरा होने के बाद भी दूसरी डोज में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। बिना दूसरी डोज लिए उनका शरीर कोरोना से लड़ने में पूरी तरह सक्षम नहीं हो पाएगा।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। कोरोना की रोकथाम में टीकाकरण के प्रति अरुचि बाधा बन सकती है। जिले के 1.33 लाख लोगों ने पहली डोज तो ले ली है, लेकिन समय पूरा होने के बाद भी दूसरी डोज में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। बिना दूसरी डोज लिए उनका शरीर कोरोना से लड़ने में पूरी तरह सक्षम नहीं हो पाएगा। इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ सकता है। 59881 लोगों ने कोविशील्ड की पहली डोज 84 दिन पहले व 73803 लोगों ने कोवैक्सीन की पहली डोज 28 दिन पहले ले ली है। उनका समय दूसरी डोज लगवाने का हो चुका है लेकिन वे अभी तक टीका नहीं लगवाए हैं।
इसमें आम जन के साथ स्वास्थ्य कर्मी व फ्रंटलाइन वर्कर भी शामिल
गोरखपुर में टीकाकरण की शुरुआत 16 जनवरी को हुई थी। शुरुआत में लोग टीका नहीं लगवा रहे थे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्वयं पहल करके टीका लगवाया और लोगों को बताया कि इससे किसी तरह का नुकसान नहीं है। बावजूद इसके बड़ी संख्या में लोगों ने रुचि नहीं दिखाई। लेकिन दूसरी लहर की भयावहता सामने आई तो बड़ी संख्या में लोग बूथों पर पहुंचने लगे। कोरोना का संक्रमण होते ही पुन: लापरवाही बरती जाने लगी है। बड़ी संख्या में लोगों ने पहली डोज तो लगवा ली लेकिन दूसरी डोज के लिए आगे नहीं आ रहे हैं।
59881 ने कोविशील्ड व 73803 ने ली है कोवैक्सीन की पहली डोज
इसमें आम जन के साथ ही स्वास्थ्य कर्मी व फ्रंटलाइन वर्कर भी शामिल हैं। अभी तक 9610 स्वास्थ्य कर्मियों, 11694 फ्रंटलाइन वर्करों व 112380 आम नागरिकों ने दूसरी डोज समय पूरा होने के बाद भी नहीं लगवाई है। स्वास्थ्य कर्मियों व फ्रंटलाइन वर्करों का जनवरी से मार्च के बीच ही टीकाकरण हो गया था। उस समय दोनों वैक्सीन की दूसरी डोज 28 दिन बाद ही लगनी थी। बावजूद इसके लिए लोगों ने अरुचि दिखाई। अब कोविशील्ड की दूसरी डोज 84 दिन तथा कोवैक्सीन की 28 दिन बाद लगती है।
स्वास्थ्य कर्मी फर्स्ट डोज- 26318
स्वास्थ्य कर्मी सेकेंड डोज- 16708
दूसरी डोज नहीं लगवाए स्वास्थ्य कर्मी- 9610
फ्रंटलाइन वर्कर फर्स्ट डोज- 23637
फ्रंटलाइन वर्कर सेकेंड डोज- 11943
दूसरी डोज नहीं लगवाए फ्रंटलाइन वर्कर- 11694
दूसरी डोज नहीं लगवाए आम जन- 112380
कुछ दिन पहले कोविड कमांड सेंटर से फोन कर लोगों से पूछा गया तो ज्यादातर लोगों ने बताया कि उन्होंने दूसरी डोज लगवा ली है, लेकिन पोर्टल पर शो नहीं कर रहा है। अनेक निजी अस्पतालों ने अपडेट नहीं किया। इस वजह से भी दूसरी डोज की संख्या कम दिख रही है। कुछ लोगों के नंबर गलत हो जाने से भी दूसरी डोज लगवाने की पुष्टि नहीं हो पा रही है। जिनका भी समय हो गया हो, वे बूथों पर जाकर टीका लगवा लें। कोरोना से सुरक्षित रहने का यह सबसे बेहतर उपाय है। - डा. सुधाकर पांडेय, सीएमओ।