मोबाइल से बात करने से मना किया, पत्नी गहने लेकर प्रेमी के साथ फरार Gorakhpur News
खोराबार क्षेत्र के रहने वाले युवक ने शुक्रवार को थाने पहुंच तहरीर दी। उसने बताया कि गुरुवार की रात में दो बजे के करीब नींद टूटी तो पत्नी विस्तर से गायब थी।
गोरखपुर, जेएनएन। प्रेमी से फोन पर बात कर रही महिला को पति ने पकड़ लिया। इसको लेकर पति और पत्नी में विवाद हो गया। पति ने पत्नी को फोन पर बात करने से मना कर दिया। उसके बाद पत्नी रात में बिस्तर से गायब मिली। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई। साथ में गहने लेकर चली गई है। खोराबार पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रात में नींद खुली तो पत्नी बिस्तर से गायब
खोराबार क्षेत्र के रहने वाले युवक ने शुक्रवार को थाने पहुंच तहरीर दी। उसने बताया कि गुरुवार की रात में दो बजे के करीब नींद टूटी तो पत्नी विस्तर से गायब थी। परिवार के अन्य लोगों से पत्नी के बारे में पूछा, लेकिन पता नहीं चला। 112 नंबर पर सूचना देने पर पहुंची पीआरवी की मदद से युवक ने पत्नी को ढूंढा लेकिन पता नहीं चला। थानेदार को उसने बताया कि एक साल पहले शादी हुई थी।पत्नी गर्भवती है। सीओ कैंट सुमित शुक्ला ने बताया कि महिला की तलाश चल रही है।
बच्ची को बंधक बनाकर की छेड़खानी
चिलुआताल क्षेत्र में दोपहर बच्ची को बंधक बनाकर दो युवकों ने छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपितों ने मारपीट शुरू कर दी। शोर मचाने पर पहुंचे लोगों ने बच्ची को उनके चंगुल से छुड़ाया। पुलिस ने केस दर्जकर बच्ची का मेडिकल कराने के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
बगीचे में आम बीनने गई थी बच्ची
दिन में दो बजे के करीब दस साल की बच्ची आम बीनने बगीचे में गई थी। आरोप है कि उसी समय बगल के रहने वाले दो युवक, बच्ची को अपने घर में खींच ले गए और छेड़खानी करने लगे। बच्ची ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर मचाने पर पहुंचे गांव के लोगों ने बच्ची को आरोपितों के चंगुल से मुक्त कराया।
उलाहना देने गए परिजनों से मारपीट पर उतारू
जानकारी होने पर पहुंचे बच्ची के घरवालों ने उलाहना दिया तो आरोपित मारपीट पर उतारू हो गए और मुंह बंद रखने की धमकी देने लगे। जिसके घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्ची के पिता की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ बंधक बनाकर छेड़खानी करने और धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। प्रशिक्षु एएसपी व प्रभारी थानेदार विकास कुमार ने बताया कि आरोपितों की तलाश चल रही है।